खैरागढ़ में शाम 5 बजे तक 78% मतदान:

खैरागढ़ में शाम 5 बजे तक 78% मतदान:

खैरागढ़ विधानसभा के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से शुरू हुए मतदान शाम 5 बजे खत्म हो गया है। इस दौरान करीब 78% मतदान हुआ है। अब जो लाइन में लगे हैं, सिर्फ वही मतदान कर रहे हैं। इसके बाद ही निर्वाचन आयोग की ओर से अंतिम आंकड़े जारी किए जाएंगे। हालांकि जैसी संभावना जताई जा रही थी, मतदान की रफ्तार वैसी नहीं बढ़ी। पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं में मतदान को लेकर ज्यादा उत्साह दिखाई दिया।

उप चुनाव के लिए दोपहर 3 बजे तक 65.68 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसमें 65.04 प्रतिशत पुरूष और 66.33 फीसदी महिलाएं मतदान किया। इससे पहले दोपहर एक बजे तक मतदान का प्रतिशत 52.74 था। तब महिला और पुरूष मतदाता बराबर की संख्या में वोट करने पहुंच चुके थे। अब तक जहां 52.88% पुरुषों ने मतदान किया है, वहीं 52.59% महिलाएं भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुकी हैं। आंकड़ों की बात करें तो सुबह 11.30 बजे तक 34.56 फीसदी और सुबह 9 बजे तक 17 फीसदी मतदान हुआ था।फिलहाल धूप बढ़ने के साथ मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई है। कई बूथों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। इससे पहले सुबह करीब 9.30 बजे कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा और भाजपा उम्मीदवार कोमल जंघेल परिवार के साथ मतदान करने के लिए पहुंचे। दोनों उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है।

छुईखदान के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में बने बूथ पर हंगामा हो गया। यहां भाजपा प्रत्याशी मतदान केंद्र के अंदर जा रहे थे। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि उनका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद कोमल जंघेल ने नाराजगी जताई और पुलिसकर्मी को वहां से हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। इसके बाद अफसर वहां पहुंचे और जंघेल से बात की। अफसरों ने बताया कि प्रत्याशी को पहचान नहीं पाने के कारण दिक्कत हुई, जवान को वहां से हटा दिया जाएगा। इसके बाद कोमल जंघेल ने धरना खत्म कर दिया।कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने ग्राम देवारीभाट के शासकीय प्राथमिक शाला पहुंच कर मतदान किया और अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जीत तय है लोगों का विश्वास उन्हें मिलेगा अगर कांग्रेस जीती है तो निश्चित तौर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खैरागढ़ को जिला बनाएंगे। ।दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल ने परिवार सहित अपने गांव घिरघोली में बने बूथ पर मतदान किया। मतदान के बाद कोमल जंघेल ने कहा कि जनता का भरपूर प्यार और समर्थन मिला है। क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद है, जीत होगी। उन्होंने कहा कि सीधा मुकाबला कांग्रेस से है, जनता कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं है। दावा किया कि कांग्रेस के घोषणा-पत्र का कोई प्रभाव जनता में नहीं पड़ा है। भाजपा प्रत्याशी के गांव में 1 घंटे में ही करीब 30 फीसदी वोट पड़ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *