यूक्रेन जंग को लगभग 50 दिन होने को आए हैं, लेकिन अभी तक रूसी सेना राजधानी कीव पर कब्जा करने में नाकाम रही है। इसी बीच पूर्वी यूक्रेन पर जोरदार हमले के लिए रूस बड़े स्तर पर तैयारी कर रहा है। सैन्य गतिविधियों की नई सैटेलाइट तस्वीर सामने आई हैं। इस तस्वीर में बेल्गोरोद में रूसी काफिले की तैनाती देखी जा सकती है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के करीबी विक्टर मेदवेदचुक को यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने भी गिरफ्तार मेदवेदचुक की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस के हमले शुरू होने से पहले यूक्रेन में विपक्षी नेता मेदवेदचुक को देशद्रोह के केस में नजरबंद रखा गया था, लेकिन वह युद्ध शुरू होने के तुरंत बाद गायब हो गए थे।
वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के सामने एक प्रस्ताव रखा है। उन्होंने रूस से कहा है कि, अगर आप मेदवेदचुक को सुरक्षित चाहते हैं तो कैदी बनाए गए यूक्रेन के नागरिकों को आजाद कर दें।राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन का कहना है कि यूक्रेन के साथ अब पीस डायलॉग नहीं हो सकता है। पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ हमला जारी रखने की कमस खाई है, क्योंकि कीव ने मॉस्को पर वार्ता तोड़ने का आरोप लगाया था।यूक्रेन जंग के बीच अब फिनलैंड रूस में टकराव का खतरा बढ़ गया है। डेली मेल के मुताबिक, फिनलैंड ने हाल ही में नाटो के लिए दिलचस्पी दिखाई थी। इससे भड़के पुतिन ने हथियारों से लैस रूसी सेना की फिनलैंड बॉर्डर की तरफ भेज दिया।
ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने रूसी सेना के सब कुछ प्लान के मुताबिक चल रहा है वाले दावे पर सवाल खड़ा किया है। ब्रिटेन ने कहा कि रूस ने जिस मकसद के साथ युद्ध शुरू किया था वो नाकाम रहा है। अब 6 रूसी जनरल मारे जा चुके हैं, जबकि 2000 से ज्यादा डिफेंस इक्विपमेंट तबाह हो चुके हैं।