अमेरिका के न्यूयॉर्क में ब्रुकलिन मेट्रो स्टेशन पर हुए हमले के मामले में 62 साल के फ्रैंक आर जेम्स शक के घेरे में है। फ्रैंक ने हाल ही में एक वैन किराए पर ली थी। पुलिस को आशंका है कि इस वैन का इस्तेमाल फायरिंग में हुआ। घटनास्थल से पुलिस को हैंडगन और वैन की चाबी मिली है। फ्रैंक सोशल मीडिया पर न्यूयॉर्क के मेयर एडम्स के खिलाफ कई पोस्ट भी शेयर कर चुका था। उसके ऊपर 50,000 डॉलर का इनाम भी घोषित किया गया है।
मंगलवार को मेट्रो स्टेशन पर हुई फायरिंग में 16 लोग घायल हो गए थे। 5 की हालत गंभीर है। 8 लोगों को गोलियां लगीं थीं। बाकी भगदड़ या बम की वजह से जख्मी हुए। हमलावर ने 33 राउंड फायरिंग की थी।पुलिस के मुताबिक, फायरिंग करने वाला शख्स कंस्ट्रक्शन वर्कर जैसे कपड़े पहने था। न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक शख्स कुछ छोटे बम लेकर स्टेशन में घुसा था। उसके हाथ में गन भी थी। इलाका सील कर दिया गया है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ब्रुकलिन स्टेशन की इस घटना के बाद वहां जब सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो कुछ बिना फटे बम भी मिले।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यूयॉर्क के सबअर्बन एरिया ब्रुकलिन में लोग रोज की तरह लोकल मेट्रो स्टेशन पर पहुंच रहे थे। यहां से ये लोग शहर के कई दूसरे हिस्सों तक पहुंचते हैं। इसके लिए मेट्रो स्टेशन पर एक ट्यूब एरिया है। यहां से तीन अलग रूट्स के लिए मेट्रो ट्रेन चलती हैं। सुबह करीब 8.30 बजे (अमेरिकी वक्त के मुताबिक) अचानक ब्लास्ट और चंद सेकेंड्स बाद फायरिंग की आवाज आई। इसके बाद अफरातफरी मच गई।घटना के फौरन बाद इस स्टेशन से सभी ट्रेन सर्विसेज बंद कर दी गईं। जो ट्रेन जहां थी, उसे वहीं रोक दिया गया। न्यूयॉर्क पुलिस की कमांडो टीम ने स्टेशन को अपने कंट्रोल में ले लिया। एक चश्मदीद ने न्यूयॉर्क पोस्ट से कहा- पहले हमने बम धमाके जैसी आवाज सुनी। इसके बाद फायरिंग होने लगी। लोगों ने वहां छिपने की जगह तलाशी, लेकिन कई फायरिंग की चपेट में आ गए।