छत्तीसगढ़ में 50 नए अंग्रेजी स्कूल खुलेंगे:

छत्तीसगढ़ में 50 नए अंग्रेजी स्कूल खुलेंगे:

छत्तीसगढ़ सरकार इस साल 50 नए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार शाम इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा है, आगे जितनी भी जरूरत होगी उतने स्कूल तैयार होते रहेंगे। बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, प्रदेश में अभी ऐसे 171 स्कूल संचालित हैं।

छत्तीसगढ़ में दो साल पहले शुरू किए गए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल को लेकर जबरदस्त रुझान देखने को मिल रहा है। इन स्कूल में प्रवेश के लिए होड़ मची है। प्रदेश के 171 स्कूलों में से 126 स्कूलों के 34 हजार 652 सीटों के लिए तकरीबन एक लाख 48 हजार 48 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अकेले रायपुर जिले में संचालित 9 सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में पहली से 12वीं तक की कक्षा में प्रवेश के लिए 27 हजार से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। जबकि रायपुर जिले में संचालित इन स्कूलों में कुल उपलब्ध सीटों की संख्या करीब दो हजार है। सबसे ज्यादा आवेदन रायपुर के आरडी तिवारी स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के लिए प्राप्त हुए हैं। यहां 153 सीटों के लिए 7 हजार 904 आवेदन मिले हैं। इसी तरह राज्य भर में संचालित कुल 171 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल में एक-एक सीट के पीछे कई गुना अधिक आवेदन मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, स्वामी आत्मानंद स्कूल में एडमिशन को लेकर काफी रुझान देखने को मिल रहा है। हर कोई अपने बच्चों को इन स्कूलों में पढ़ाना चाहता है। ऐसे में हम जरूरतों के मुताबिक स्कूलों की संख्या बढ़ा रहे हैं। आगे भी जितनी जरूरत होगी उतने स्कूल तैयार होते रहेंगे। बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला की ओर से राज्य से सभी जिला कलेक्टरों को एक पत्र जारी कर नए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का प्रस्ताव मांगा गया। इसके लिए जिलों में संचालित सरकारी स्कूलों को ही अंग्रेजी स्कूल में बदलना होगा। कलेक्टरों से कहा गया है कि इस बात का ध्यान रखा जाए कि प्रस्तावित स्कूलों में आवश्यक रिनोवेशन एवं शिक्षकों की नियुक्ति का कार्य 15 जून के पूर्व पूरा कर लिया जाए। उन स्कूलों में हिन्दी माध्यम से पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई उसी स्कूल में जारी रखी जाएगी। आवश्यकता होने पर इन स्कूलों में कक्षाएं दो पालियों में लगाई जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *