अप्रैल महीने में चल रही लू ने गर्मी के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शनिवार को छत्तीसगढ़ में महासमुंद सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह अप्रैल में मापा गया दूसरा सबसे अधिक तापमान बताया जा रहा है। इससे पहले 1980 में जांजगीर-चांपा में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। राजनांदगांव में भी अब का सबसे अधिक तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले 2010 में 44.4 डिग्री सेल्सियस का रिकार्ड था।
राजधानी रायपुर में भी पिछले 10 सालों की सबसे भीषण गर्मी वाला अप्रैल साबित हुआ है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। यह 2012 से अब तक अप्रैल महीने में मापा गया सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले 30 अप्रैल 1942 को सबसे अधिक 46.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। पिछले 10 सालों में केवल चार बार ही अधिकतम तापमान इस रिकॉर्ड के करीब पहुंच पाया है।
मौसम विभाग के क्लाइमेटोलॉजी के मुताबिक 2016 में 22 अप्रैल को यहां का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस हुआ था। 2017 में 20 अप्रैल को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं 2019 में 28 अप्रैल को यह 44.2 डिग्री सेल्सियस था। बिलासपुर भी सोमवार को अपने सर्वकालिक रिकॉर्ड से थोड़ा ही पीछे रह गया। बिलासपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहां अधिकतम गर्मी का रिकॉर्ड 45.8 डिग्री सेल्सियस है।
शनिवार को प्रदेश के शहरों में ऐसा था तापमान
शहर – अधिकतम तापमान – सामान्य से अंतर
रायपुर – 44.6 – +3
बिलासपुर – 45.4 – +3
पेण्ड्रा रोड – 42.6 – +4
अंबिकापुर – 41.9 – +3
जगदलपुर – 38.6 – +3
दुर्ग – 44.6 – +3
राजनांदगांव – 44.5 – +5