छत्तीसगढ़ में मितानिन की हड़ताल खत्म:संसदीय सचिव ने कुल्फी खिलाकर खत्म कराया आंदोलन; कहा- CM के कहने पर आए हैं

छत्तीसगढ़ में मितानिन की हड़ताल खत्म:संसदीय सचिव ने कुल्फी खिलाकर खत्म कराया आंदोलन; कहा- CM के कहने पर आए हैं

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पिछले 30 दिनों से मितानिन धरना दे रही थीं। शनिवार शाम इन्होंने अपने आंदोलन को स्थगित करने का फैसला लिया। दरअसल एक दिन पहले ही इन महिलाओं की मुलाकात छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से हुई थी। मुख्यमंत्री ने मितानिन महिलाओं की मांगों को सुनकर उन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

छत्तीसगढ़ की सरकार ने जुलाई के महीने में मितानिनों की मांग पूरा करने का आश्वासन दिया है। मितानिनों के संगठन की प्रमुख सरोज सिंह ने दैनिक भास्कर को बताया कि सरकार से मिले आश्वासन के बाद आंदोलन को स्थगित करने का फैसला लिया गया है। अगर जुलाई तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती है तो एक बार फिर से छत्तीसगढ़ की मितानिने धरने पर बैठेंगी।

30 दिनों से राजधानी रायपुर में धरना दे रही मितानिन को संसदीय सचिव यू डी मिंज, और गुलाब कमरो ने धरना स्थल पहुंचकर समझाया। करीब 2 घंटे तक वह मितानिन महिलाओं को समझाने का प्रयास करते रहे। मगर सभी महिलाएं लिखित आश्वासन दिए जाने की बात पर अड़ी हुई थी। काफी देर तक समझाइश देने के बाद आखिरकार मितानिन आंदोलन को स्थगित करने पर राजी हुईं। संसदीय सचिवों ने कहा कि सरकार के कहने पर ही हम आपके पास आए हैं और हमारी बातों पर भरोसा कीजिए । इसके बाद नेताओं ने महिलाओं को कुल्फी खिलाई और आंदोलन खत्म कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *