छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल का प्री इंजीनियरिंग टेस्ट(PET) 22 मई को हुआ। इस परीक्षा को कराने के लिए जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। PET में शामिल होने के लिए कुल 2952 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया था। इसमें से मात्र 2233 ने ही एग्जाम दिया है। जबकि दुर्ग जिले में संचालित 9 इंजीनियरिंग कॉलेजों में 4755 सीटें हैं। इस तरह परीक्षा में शामिल होने वाले जिले के सभी परीक्षार्थियों का चयन होना तय है।
PET की परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होकर दोपहर 12.15 बजे तक आयोजित की गई। भीषण गर्मी के बीच इस परीक्षा में शामिल होने 2233 विद्यार्थी अपने -अपने सेंटर्स में पहुंचे। परीक्षा देने पहुंचे स्टूडेंट्स राजेश, प्रकाश और रामकुमार का कहना है कि पेपर ठीक आया था। सभी स्टूडेंट्स का पेपर अच्छा गया है। वहीं उनका यह भी कहना था कि इस बार काफी कम लोगों ने अपना पंजीयन कराया था। इसलिए सीटें अधिक होने से यह संभावना जताई जा रही है कि लगभग सभी स्टूडेंट्स का चयन हो जाएगा।पेपर देकर निकले स्टूडेंट्स गर्मी से बेहाल दिखे। कोई गमछा तो कोई किताब सिर में रखकर धूप से बचता दिखा। काफी स्टूडेंट्स पेपर देने के बाद भी पेड़ की छाया के नीचे बैठे रहे। स्टूडेंट्स का कहना था कि सेंटर में पानी व पंखे का इंतजाम तो था, लेकिन गर्मी और उमस इतनी अधिक थी कि वहां बैठकर पेपर देना मुश्किल हो रहा था।
गर्मी के चलते 719 अभ्यर्थी इस परीक्षा में भाग लेने नहीं पहुंचे। व्यापम ने दुर्ग में 10 सेंटर बनाए थे। इसमें सबसे अधिक शासकीय पीजी ऑटोनॉमस कॉलेज दुर्ग में अनुपस्थित रहे। यहां कुल 300 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इसमें 190 ने ही परीक्षा दी शेष 110 अनुपस्थित रहे। इसी तरह शासकीय पटनायक गर्ल्स पीजी कॉलेज में 204 ने परीक्षा दी और 96 अनुपस्थित रहे। बीआईटी कालेज में 201 उपस्थित तो 124 अनुपस्थित रहे।
खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल दुर्ग में 257 उपस्थित और 43 अनुपस्थित रहे। सुराना आर्ट एंड कॉमर्स कालेज में 251 उपस्थित और 49 अनुपस्थित रहे। जेआरडी सीनियर सेकंडरी स्कूल में 250 ने परीक्षा दी और 50 अपसेंट रहे। शासकीय तिलक गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल दुर्ग में 175 उपस्थित और 25 अनुपस्थित रहे। अपोलो कालेज अंजोरा में 232 उपस्थित 68 अनुपस्थित रहे। श्री शंकराचार्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट एंड टेक्नोलॉजी जुनवानी में 249 उपस्थित और 76 अनुपस्थित और भारती कॉलेज में 224 अभ्यर्थी उपस्थित और 78 अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल 2952 अभ्यर्थियों में 2233 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 719 अनुपस्थित रहे।