छत्तीसगढ़ की 36 ट्रेनें फिर कैंसल:

छत्तीसगढ़ की 36 ट्रेनें फिर कैंसल:

रेलवे बोर्ड ने अब जून में भी 36 ट्रेनों को एक माह के लिए कैंसल कर दिया है। अप्रैल व मई की तरह जून में भी रेलवे की मनमानी का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ेगा। इधर, ट्रेनों को रद्द करने कांग्रेस नेताओं के विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन की तैयारी धरी की धरी रह गई हैं। ट्रेनें कैंसल होने के बाद यात्रियों को समर वेकेशन के सीजन में एक बार फिर से अपनी यात्रा कैंसल करनी होगी।

देश भर में कोयला संकट की समस्या को देखते हुए रेलवे ने माल लदान को प्राथमिकता देते हुए अप्रैल और मई महीने में 36 ट्रेनों को कैंसल कर दिया था। इसके चलते छत्तीसगढ़ से दूसरे राज्यों में यात्रा करने वाले यात्रियों को खासी परेशानी हुई। इस बीच रेलवे ने 23 अप्रैल से 22 एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को फिर से रद्द करने का फरमान जारी कर दिया।

रेलवे के इस फैसले का प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विरोध जताया। इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं ने ट्रेनों को कैंसल करने का विरोध करते हुए आंदोलन करने की चेतावनी दी, लेकिन रेलवे पर इसका कोई असर नहीं हुआ। यही वजह है कि बिना किसी कारण के रेलवे ने अप्रैल में रद्द की गई ट्रेनों का परिचालन अब जून तक कैंसल करने का आदेश जारी कर दिया है।

रेलवे प्रशासन ने बिलासपुर जोन और यहां से गुजरने वाली जिन ट्रेनों को रद्द किया है वे आम जनता के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इनमें से बिलासपुर जोन की एक्सप्रेस और मेमू-डेमू तो यहां की जनता के लिए लाइफ लाइन के समान हैं। खासकर वे ट्रेनें जो बिलासपुर-कटनी रूट पर चलती हैं। ज्यादातर ट्रेनें इसी रूट की है। बिलासपुर-भोपाल, बिलासपुर-रीवा जैसी ट्रेन को काफी महत्वपूर्ण हैं।

इसके अलावा मेमू लोकल भी बहुत मायने रखती है। ये सभी ट्रेनें उसलापुर, घुटकू, कलमीटर, करगीरोड कोटा, सल्का, बेलगहना, टेंगनमाड़ा, खोंगसरा,खोडरी, सारबहरा, पेंड्रारोड, अनूपपुर होते हुए शहडा़ेल तक काफी महत्वपूर्ण हैं। अधिकांश ट्रेनों को रद्द कर कोयले की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।एक तरफ समर वेकेशन के बीच में ट्रेनें रद्द होने के बाद यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रही थी। ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ खचाखच भरी थीं। वहीं, अब फिर से एक माह के लिए बड़ी संख्या में एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें कैंसिल होने से यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई है। ट्रेनों में टिकट बुकिंग कराने वाले यात्रियों को या तो यात्रा रद्द करनी होगी या फिर उन्हें टिकट कैंसिल कराकर दूसरी ट्रेनों में टिकट बुक करानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *