इस बार मानसून में होगी देरी:आज-कल में केरल पहुंचेगा,10 जून तक छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे बादल

इस बार मानसून में होगी देरी:आज-कल में केरल पहुंचेगा,10 जून तक छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे बादल

इस बार मानसून पहले जारी अनुमानों से थोड़ा लेट होगा। दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल तट के पास पहुंच चुका है। हालांकि यहां तक पहुंचने में वह थोड़ा सुस्त हुआ है और पूर्व अनुमानित तिथि के बाद पहुंचने की संभावना है। अनुमान है कि रविवार देर रात से सोमवार तक मानसून केरल पहुंच जाएगा। अगर सब कुछ सामान्य रहा तो मानसून के प्रभाव से बने बादल 10 जून को किसी समय छत्तीसगढ़ की बस्तर संभाग से लगी सीमा में प्रवेश कर जाएंगे। पहले के अनुमान से यह 3 दिन लेट है।

मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थिति अनुकूल है। वर्तमान मौसमी संकेत के अनुसार पश्चिमी हवा निम्न स्तर पर दक्षिण अरब सागर के ऊपर प्रबल और गहरी हो रही है। केरल तट और उससे लगे दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर बादलों का डेरा है। ऐसे में अगले 2 से 3 दिनों में केरल के ऊपर दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रारंभ होने की संभावना है। इसी बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून के अरब सागर के कुछ और भाग तथा लक्षद्वीप के ऊपर सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पहले अनुमान लगाया था कि मानसून 27 मई तक केरल तट से टकरा जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब मानसून अपने सामान्य पथ पर ही आगे बढ़ेगा ऐसी संभावना जताई जा रही है।रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, सामान्य तौर पर छत्तीसगढ़ में मानसूनी बरसात 10 जून से शुरू होती है। शुरुआत बस्तर संभाग से ही होती है। 15 जून तक इसका प्रभाव रायपुर तक पहुंच जाता है। वहीं 21 जून तक अंबिकापुर और उसके आसपास के क्षेत्रों के ऊपर मानसून प्रभावी हो जाता है। इसके सक्रिय होने के साथ प्रदेश में बरसात की झड़ी लग जाती है। अगर मानसून बहुत प्रबल नहीं हुआ तो 10 जून तक ही छत्तीसगढ़ पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *