कुम्हारी के निर्माणाधीन ओवर ब्रिज को हल्के वाहनों के लिए बंद करने से वहां के सर्विस रोड में दबाव काफी बढ़ गया है। हालत यह है कि वहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। इसे देखते हुए दुर्ग कलेक्टर डॉ. एसएन भुरे ने इसे जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। एनएच के इंजीनियरों की माने तो ओवर ब्रिज एप्रोच रोड की लेवलिंग और लाइटिंग काम बाकी है। इसके पूरे होते ही इसे फिर से हल्के वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर से दुर्ग के बीच हर दिन 5 हजार से अधिक लोग रोजाना आना-जाना करते हैं। ऐसे में सुपेला, पावर हाउस और कुम्हारी ओवरब्रिज का निर्माण चलने के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक डीएसपी गुरजीत सिंह ने बताया कि ब्रिज के दोनों तरफ एनएच अधिकारियों ने जो सर्विस रोड छोड़ी है वह इतनी संकरी है कि उससे एक साथ दो गाड़ियों का निकलना लगभग नामुमकिन सा होता है। साथ ही वाहन चालक भी पहले निकलने के चलते कहीं से भी वाहन को निकालते हैं। इससे या तो वहां दुर्घटना होती है या फिर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसलिए सबसे अहम चीज यह है कि सर्विस रोड वाहनों का दबाव कम किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने एनएच के अधिकारियों को जल्द से जल्द ओवर ब्रिज को हल्के वाहनों के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं।
रायपुर से भिलाई रोजाना अपडाउन करने वाले महेश सिंह का कहना था उन्हें समय पर ऑफिस पहुंचना होता था। सामान्य रूप में यदि वह सुबह 9 बजे भी निकलते थे तो आराम से 10 बजे तक ऑफिस पहुंच जाते थे। ओवर ब्रिज का निर्माण जब से शुरू हुआ है, तब से उन्हें सुबह 8 बजे निकलना पड़ता है। इसके बाद भी कई बार जाम अधिक लंबा लग गया तो ड्यूटी के लिए लेट हो जाते थे। कुम्हारी ओवरब्रिज की सर्विस रोड में सबसे अधिक परेशानी होती थी। पहले जब हल्के वाहनों के लिए ब्रिज खोल दिया गया था तो यह समस्या न के बराबर हो गई थी, लेकिन फिर से ब्रिज को बंद करने से यहां हर समय जाम लगता है। यहां से पार होने में ही 15-20 मिनट लग जाते हैं।