राज्यसभा चुनाव में नामांकन का मंगलवार को आखिरी दिन है। छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के उम्मीदवार राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन ने पर्चा भर दिया है। भाजपा ने इस चुनाव के लिए प्रत्याशी नहीं उतारा है। विधानसभा में कांग्रेस के भारी बहुमत के दम पर दोनों उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय है। इधर, जेसेसीजी ने अपना उम्मीदवार मैदान में उतार दिया है हालांकि समर्थक-प्रस्तावक की संख्या पूरी नहीं होने के कारण उनका नामांकन खारिज हो जाएगा। कांग्रेस प्रत्याशियों के बाहरी होने की बात पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्यसभा में ऐसा होता है और भाजपा सहित सभी पार्टियां दूसरे प्रदेश से प्रतिनिधि भेजती हैं।
कांग्रेस ने रविवार देर रात राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। उसके एक दिन बाद सोमवार शाम को पार्टी के दोनों उम्मीदवार राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन दिल्ली से रायपुर पहुंचे। मंगलवार की सुबह दोनों ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की थी। यहां कांग्रेस विधायक दल की बैठक में दोनों उम्मीदवारों का विधायकों ने परिचय कराया गया। यहीं नामांकन के प्रस्तावक और समर्थकों ने हस्ताक्षर लिए गए।इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्रियों-विधायकों के साथ दोनों प्रत्याशियों को लेकर विधानसभा पहुंचे। यहां राज्यसभा के दोनों पदों के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय सीमा दोपहर बाद 3 बजे तक है। इस सीमा तक कोई और नामांकन नहीं हुआ तो दोनों का निर्विरोध जीता हुआ घोषित कर दिया जाएगा। विधानसभा में दलीय शक्ति संतुलन को देखते हुए इस बात की संभावना बहुत कम दिख रही है। लेकिन आखिरी समय में जोगी की पार्टी जेसीसीजे ने अपना उम्मीदवार उतार दिया है।
पर्चा दाखिल करने के बाद कांग्रेस के दोनों प्रत्याशियों रंजीत रंजन व राजीव शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ मेहनतकश, योग्य लोगों का प्रदेश है। यहां के लोगों को केंद्र से जितनी मदद मिलनी चाहिए नहीं मिल रही है। भूपेश बघेल ने नक्सली समस्या खत्म कर दी अब उन इलाकों के विकास के लिए पैसे चाहिए, हम केंद्र से कहेंगे कि वो राशि दे। छत्तीसगढ़ के किसानों की, यहां के लोगों की आवाज केंद्र सरकार के सामने पहुंचाएंगे।