हाथी ने व्यापारी सहित 2 की जान ली:​​​​​​​जशपुर के लीची बगान में सो रहे समाज के नेता को रौंदा

हाथी ने व्यापारी सहित 2 की जान ली:​​​​​​​जशपुर के लीची बगान में सो रहे समाज के नेता को रौंदा

छत्तीसगढ़ के जशपुर में सोमवार देर रात हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। लीची बगान को तहस-नहर करने के साथ ही व्यापारी सहित 2 लोगों की जान ले ली। हाथी के हमले में मारा गया व्यापारी महकूल समाज का नेता था। बगान में सोते हुए हाथियों ने उस पर हमला कर दिया। इसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य गांव में नर हाथी ने महिला को उठाकर पटक दिया। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे कुनकुरी और नारायणपुर क्षेत्र के हैं।

जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी से लगे कंडोरा गांव में दल से बिछड़ कर देर रात दो हाथी पहुंच गए। ग्रामीणों को पता चला तो एकत्र होकर उन्होंने हाथियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान हाथी पास ही त्रिलोचन यादव (60) के लीची के बगान में घुस गए। त्रिलोचन बगान में ही सो रहा था। हाथियों ने उस पर हमला कर मार दिया। उसकी मौत से समाज में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि वन परिक्षेत्र में एक माह में यह तीसरी घटना है।नारायणपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत जाम चुवां के गीदा बहार में भी हाथियों ने 55 साल की एक महिला को कुचल दिया। महिला की पहचान सनीयारों बाई (55) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तड़के वह निकली थी, तभी नर हाथी ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है इस क्षेत्र में कई दिनों से 40 से 50 हाथियों का झुंड मौजूद है। हादसे की सूचना पुलिस और वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची हुई है। शवों को PM के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *