भिलाई इस्पात संयंत्र में लगातार हो रहे हादसों और उसमें श्रमिक मौत से श्रमिक यूनियन नाराज है।हिंदुस्तान ठेका श्रमिक यूनियन ने इसे लेकर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में ठेका श्रमिक और उनके परिवार के लोग शामिल हुए। बीएसपी के प्रति लोगों का बढ़ता आक्रोश शांत कराने के लिए बीएसपी के अधिकारियों ने मृतक अर्जुन साहू के परिजनों को 3 लाख क्षतिपूर्ति राशि दी और परिवार के एक व्यक्ति को अनुकंपा नियुक्ति देने के लिए ऑफर लेटर दिया।भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस – 2 के कनवर्टर शॉप एक में गुरुवाद दोपहर हुए हादसे में ठेका श्रमिक अर्जुन साहू (42 वर्ष) की मौत हो गई थी। यह घटना बीएसपी के अंदर एक सप्ताह में चौथी दुर्घटना है। इसमें 2 ठेका श्रमिकों की मौत हो चुकी है और 5 लोग घायल हैं। इन घटनाओं को लेकर हिंदुस्तान ठेका श्रमिक यूनियन ने विरोध जताया। बीएसपी के सैकड़ों श्रमिक पोस्टर बैनर लेकर सेक्टर 9 हॉस्पिटल पहुंचे और वहां विरोध प्रदर्शन पर उतर गए।उन्होंने पोस्टर में “लगातार मौत जिम्मेदार कौन” “हत्या या दुर्घटना उत्पादन है बहाना” ”गर कमाने वाला जाएगा घर कौन चलाएगा” और ”ठेका श्रमिक भी इंसान हैं” जैसे स्लोगन लिखे। ठेका श्रमिक के विरोध प्रदर्शन को देखकर बीएसपी प्रबंधन तुरंत ऐक्शन में आया। उन्होंने मजदूर यूनियन के नेता योगेश सोनी से चर्चा की । इसके बाद मृतक अर्जुन की पत्नी मीना साहू को संयंत्र प्रबंधन के द्वारा अनुकंपा नियुक्ति पत्र दिलाया गया। इसके साथ ही ठेकेदार के द्वारा ढाई लाख रुपए का चेक और 50 हजार रुपए नकद की राशि का भुगतान क्षतिपूर्ति राशि के रूप दिलाया गया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।