G7 शिखर सम्मेलन: आधिकारिक फोटो से पहले पीएम मोदी ने वैश्विक नेताओं से की चर्चा, राष्ट्रपति मैक्रों का जताया आभार

G7 शिखर सम्मेलन: आधिकारिक फोटो से पहले पीएम मोदी ने वैश्विक नेताओं से की चर्चा, राष्ट्रपति मैक्रों का जताया आभार

फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित 52वें G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधिकारिक ग्रुप फोटो से पहले विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ विचार-विमर्श किया। बुधवार को हुए इस कार्यक्रम में पीएम मोदी वैश्विक नेताओं के साथ गर्मजोशी से बातचीत करते नजर आए। इस मुलाकात की तस्वीरों को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा कि दोपहर के समय G7 बैठक के औपचारिक आगाज से पहले नेताओं के साथ बातचीत का यह दौर काफी सार्थक रहा।

इस संबंध में विदेश मंत्रालय (MEA) ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी सहित शिखर सम्मेलन में पहुंचे सभी राष्ट्राध्यक्ष फ्रांस के एवियन में 52वें G7 समिट की सामूहिक तस्वीर (फैमिली फोटो) के लिए एकत्रित हुए। मंत्रालय के अनुसार, यह एकजुटता वैश्विक स्तर की चुनौतियों का समाधान खोजने और समावेशी विकास की रफ्तार को तेज करने के साझा प्रयासों को प्रदर्शित करती है।

शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के बीच मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का स्वागत किया और गले मिलकर अभिवादन किया। पीएम मोदी ने समिट में गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए राष्ट्रपति मैक्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “मेरे प्रिय मित्र राष्ट्रपति मैक्रों, एवियन में इस शानदार स्वागत के लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूँ।”

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात कुछ दिनों पहले नीस में हुई सकारात्मक द्विपक्षीय वार्ता का ही अगला चरण है, जिसे अब इस बहुपक्षीय वैश्विक मंच पर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी सत्र के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच भी संक्षिप्त मुलाकात हुई, जहाँ दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया। यह बातचीत ‘नई साझेदारियां बनाने और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को फिर से मजबूत करने’ विषय पर आधारित कार्य सत्र के शुरू होने से ठीक पहले हुई। इस विशेष सत्र में G7 देशों के अलावा सहयोगी राष्ट्र, विश्व बैंक और अफ्रीकी विकास बैंक के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं।

बुधवार को ही प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक भी तय है। इस उच्च स्तरीय वार्ता में आर्थिक उन्नति, मजबूत सप्लाई चेन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), निवेश के अवसरों और वैश्विक सुरक्षा जैसे अहम् विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पिछले वर्ष पाकिस्तान के खिलाफ संचालित किए गए सफल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दोनों नेताओं के बीच होने वाली यह पहली आधिकारिक द्विपक्षीय मुलाकात होगी।

व्हाइट हाउस द्वारा शनिवार को साझा की गई जानकारी के अनुसार, दोनों शीर्ष नेताओं के बीच यह बैठक G7 नेताओं, आउटरीच देशों के प्रतिनिधियों और तकनीकी कंपनियों के प्रमुखों के साथ आयोजित होने वाले वर्किंग लंच से पहले संपन्न होगी। इससे पहले, एवियन आगमन पर प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक नेताओं के साथ महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर संवाद करने को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की थी। गौरतलब है कि पीएम मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के विशेष आमंत्रण पर यहाँ पहुंचे हैं। यह G7 समिट में भारत की 13वीं और प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत रूप से लगातार सातवीं भागीदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *