देश के ज्यादातर हिस्सों में अभी भी भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। वहीं दूसरी ओर असम, मेघायल और कर्नाटक में बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। असम और मेघायल में बारिश के चलते 1700 गांव में बाढ़ जैसे हालात हैं। जिससे अब तक करीब 16 लोगों की मौत हुई है। वहीं, कर्नाटक के धारवाड़ जिले में भारी बारिश के चलते एक सरकारी स्कूल की बस पानी में फंस गई। बस में करीब 150 बच्चे सवार थे। टीचर्स और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को बस से सुरक्षित निकाला गया।असम में पिछले 3-4 दिनों से तेज बारिश के चलते लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राज्य के करीब 25 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, इससे करीब 11 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। अधिकारियों का कहना है कि राज्य के कई इलाकों में ब्रह्मपुत्र, गौरांग, कोपिली, मानस और पगलाड़िया नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर है। असम में 17 जून तक बारिश का अलर्ट है।
असम में बाढ़ के चलते करीब 19,782.80 हेक्टेयर फसल भूमि पानी में डूब गई है। राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, 72 राजस्व मंडलों के अंतर्गत आने वाले 1,510 गांव में पानी भरा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक कोई इमरजेंसी न हो घरों से बाहर निकलने से बचें। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर और निर्देशक रोहित शेट्टी ने बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए सीएम राहत कोष में 5 लाख रुपए दिए हैं।
मेघालय में बारिश के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग 6 के कुछ हिस्से धस गए। इसके बाद सरकार ने राजमार्ग को बंद कर दिया है। यह राजमार्ग त्रिपुरा, दक्षिणी असम, मिजोरम और मेघालय के कुछ हिस्सों को जोड़ता है। सरकार ने बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए एक चार समितियां बनाई हैं। हर समिति को एक कैबिनेट मंत्री लीड करेगा।