अग्निपथ पर 11 राज्यों में बवाल:यूपी-बिहार और तेलंगाना में ट्रेनें फूंकी, 2 की मौत

अग्निपथ पर 11 राज्यों में बवाल:यूपी-बिहार और तेलंगाना में ट्रेनें फूंकी, 2 की मौत

सेना में भर्ती के लिए बनाई गई अग्निपथ योजना में सरकार द्वारा एज लिमिट बढ़ाने के बाद भी प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। यूपी,बिहार और तेलंगाना में प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनें फूंक दीं। कई जगह रेलवे ट्रैक और सड़क जाम कर दी गई। इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की है।

तेलंगाना के सिकंदराबाद में ट्रेन के एक रेल कोच में आग लगा दी गई। रेलवे स्टाफ ने तुरंत ही उस कोच में सवार 40 यात्रियों को निकालकर सबकी जान बचा ली। यात्रियों में बच्चे भी शामिल थे।

फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 4 बसों में तोड़फोड़ करके जाम लगाया गया। हरियाणा के नारनौल में भी युवाओं ने जाम लगा दिया है। तेलंगाना के सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन में भी आगजनी और तोड़फोड़ हुई है। यहां हुए हिंसक प्रदर्शन में एक की मौत हो गई। दूसरी मौत बिहार के लखीसराय जिले में हुई है।

L&T मेट्रो रेल लिमिटेड हैदराबाद ने ट्वीट करके बताया- शहर में कुछ गड़बड़ी के कारण, हैदराबाद मेट्रो रेल की तीनों लाइनों को अगली सूचना तक बंद किया जाता है।

राजस्थान के भरतपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मी को लहूलुहान कर दिया। आंदोलन के कारण 200 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। पूरे देश में 35 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 13 को कुछ समय के लिए रद्द किया गया है।

वैशाली के हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर उग्र छात्रों ने तोड़फोड़ की है। समस्तीपुर में प्रदर्शनकारियों ने जम्मूतवी-गुवाहाटी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति में आग लगा दी। हाजीपुर-बरौनी रेलखंड के मोहिउद्दीननगर स्टेशन पर भी आगजनी की गई है। प्रदर्शनकारी सुबह 6 बजे से ही ट्रैक पर डटे हुए हैं। रेलवे ने जहां-तहां ट्रेनों को रोक दिया है। कई ट्रेनें रद्द भी कर दी गई हैं।

बिहार में 25 जिलों में जमकर बवाल हो रहा है। समस्तीपुर में 2, लखीसराय में 2, आरा और सुपौल में एक-एक यात्री ट्रेन में प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी। वहीं, बक्सर और नालंदा समेत कई जिलों में रेलवे ट्रैक पर आगजनी की गई है। आरा में सड़क पर आगजनी के बाद जाम लगाया गया है। बेतिया में डिप्टी सीएम रेणु देवी के सरकारी आवास पर पथराव किया गया है।

बिहार के ही दरभंगा में प्रदर्शनकारियों ने रोड जाम किया था। इसमें एक स्कूल बस फंस गई। बच्चों ने प्रदर्शन करने वालों के हाथों में डंडे देखे तो वे रोने लगे। पुलिस ने पहुंचकर बस को निकलवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *