7-12 साल के बच्चों के लिए कोवोवैक्स वैक्सीन को मंजूरी:24 घंटे में 14,258 संक्रमित मिले

7-12 साल के बच्चों के लिए कोवोवैक्स वैक्सीन को मंजूरी:24 घंटे में 14,258 संक्रमित मिले

देश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। केरल- महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु, बंगाल, दिल्ली में भी संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने 7 से 12 साल के बच्चों के लिए कोवोवैक्स वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। यह कोवोवैक्स वैक्सीन सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) ने बनाई है।

इसके अलावा जेनोवा बायोफार्मास्यूटिकल की दो डोज की mRNA वैक्सीन को भी मंजूरी दे दी गई है। यह वैक्सीन अभी 18 साल या उससे अधिक उम्र के लोगों को ही लगाई जाएगी। पिछले शुक्रवार को एक बैठक में सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी ने इस वैक्सीन के इमरजेंसी यूज के लिए प्रस्ताव दिया था।

कोरोना की मंगलवार को देश में 14,258 लोग पॉजिटिव पाए गए, 11,468 संक्रमित ठीक हुए और कोरोना से संक्रमित 30 लोगों की मौत हो गई। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को नए केस में 21% की बढ़ोतरी हुई। सोमवार को 11,793 नए केस आए थे, जो रविवार के मुकाबले 32% कम थे। रविवार को 17,073 लोग पॉजिटिव पाए गए थे।

नए केस के मामले में महाराष्ट्र और केरल सबसे आगे है। बीते 24 घंटे में 47% नए केस के साथ महाराष्ट्र फिर टॉप पर पहुंच गया है। वहीं, बंगाल में नए केस में 73% की जबरदस्त उछाल देखी गई।

पिछले 24 घंटे में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से आए। मंगलवार को राज्य में 3,482 मरीज पॉजिटिव पाए गए, 3,566 संक्रमित ठीक हुए, जबकि 5 संक्रमितों ने अपनी जान गंवा दी। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को महाराष्ट्र में नए केस 47% बढ़ गए। सोमवार को राज्य में 2,369 केस आए, 5 लोगों की मौत हुई थी। राज्य में अभी 25,481 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

कोरोना की शुरुआती दौर से लेकर अब तक महाराष्ट्र में 79 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं, वहीं, 77 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हुए। राज्य में अब तक 1 लाख 47 हजार से ज्यादा संक्रमितों की मौत हो गई। मौजूदा स्थिति में यहां पॉजिटिविटी रेट 8.91% है, यानी 100 में से करीब 9 मरीज पॉजिटिव पाए जा रहे हैं।

केरल में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 2,993 नए केस आए, 2,814 मरीज ठीक हुए, जबकि 12 संक्रमितों की मौत हो गई। मंगलवार को राज्य में कोरोना केस में 7% की कमी आई। एक दिन पहले यहां 3,206 संक्रमित मिले थे।

देश में कुल पॉजिटिविटी रेट के मामले में केरल सबसे आगे है। मंगलवार को यहां पॉजिटिविटी रेट 18.33% दर्ज की गई। राज्य में अब तक करीब 70 हजार लोगों की कोरोना से मौत हो गई है। जबकि 27,218 संक्रमितों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *