अग्निपथ योजना के तहत इंडियन एयरफोर्स को सिर्फ 6 दिनों में 1.83 लाख से अधिक आवेदन मिले हैं। एयरफोर्स की ओर से बताया गया कि स्कीम के तहत 24 जून से रजिस्ट्रेशन प्रोसेस शुरू हुई थी। 26 जून तक यानी सिर्फ 3 दिनों में 56,960 आवेदन मिले, वहीं 27 जून यानी सोमवार तक 94,281 आवेदन प्राप्त हुए। सरकार ने 14 जून को इस स्कीम की घोषणा की थी। जिसके बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।प्रदर्शन के दौरान कई राज्यों में हिंसा हुई। विपक्षी दलों ने सरकार ने इस स्कीम को वापस लेने की मांग की। इंडियन एयरफोर्स ने ट्विटर पर कहा कि अग्निपथ योजना के तहत अब तक 1,83,634 आवेदन मिले हैं। रजिस्ट्रेशन 5 जुलाई 2022 को बंद हो जाएगा। सरकार ने कहा था कि योजना के तहत साढ़े 17 से 21 साल की उम्र के युवाओं इस योजना में शामिल किया जाएगा। इनमें से 25% अग्निवीरों को पर्मानेंट कर दिया जाएगा।
16 जून को सरकार ने इस योजना के तहत भर्ती के लिए युवाओं की उम्र सीमा को 21 से बढ़ाकर 23 साल कर दिया। बाद में 4 साल का कार्यकाल पूरा कर रिटायर होने वाले अग्निवीरों को सीआरपीएफ सहित कई विभागों में वरीयता देने का ऐलान कर दिया गया।
जब युवाओं ने इस योजना को लेकर विरोध शुरू किया तो भाजपा शासित कई राज्यों ने सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों को वरीयता देने की वादा किया। वहीं तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जो लोग हिंसा कर रहे हैं वे अग्निवीर नहीं बन पाएंगे।