जम्मू कश्मीर में ग्रामीणों ने पकड़े 2 आतंकी:

जम्मू कश्मीर में ग्रामीणों ने पकड़े 2 आतंकी:

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के तुकसन गांव में रविवार को ग्रामीणों ने दो आतंकियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुए हैं। आतंकियों की पहचान तालिब हुसैन शाह और फैजल अहमद डार के रूप में हुई है, दोनों लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हैं। एनडीटीवी ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले से बताया कि राजौरी जिले का रहने वाला तालिब हुसैन शाह जम्मू में बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा का सोशल मीडिया प्रभारी रह चुका है।

वहीं, फैजल अहमद डार पुलवामा जिले का रहने वाला है। फैजल हाल ही में हुए आईईडी विस्फोटों का मास्टरमाइंड था।अधिकारियों ने बताया कि इनके पास से दो एके 47 राइफल, सात ग्रेनेड और एक पिस्तौल बरामद हुए हैं। पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने ग्रामीणों को उनकी बहादुरी के लिए 2 लाख रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की है। वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी बहादुर ग्रामीणों को 5 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की है।

जम्मू जोन के एडीजीपी मुकेश सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में लश्कर चिनाब घाटी और राजौरी-पुंछ में आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा है। वह कुछ आतंकियों को दोबारा एक्टिव करने में कामयाब रहा है। इनके 2 मॉड्यूल बनाए गए थे। पहला उधमपुर विस्फोट के लिए एक महीने पहले और दूसरा राजौरी जिले में विस्फोटों के लिए जिम्मेदार था, जिसका भंडाफोड़ लगभग 10 दिन पहले हुआ था, लेकिन मुख्य आतंकी तालिब हुसैन फरार था। हम उसके पीछे थे और ग्रामीणों ने इन 2 आतंकवादियों को पकड़ने में हमारी मदद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *