छत्तीसगढ़ में 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी:

छत्तीसगढ़ में 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी:

छत्तीसगढ़ में रविवार से ही भारी बरसात का माहौल बन गया है। मौसम विभाग ने दो संभागों में एक-दो स्थानों पर अगले 48 घंटों में भारी से अति भारी बरसात की चेतावनी जारी की है। वहीं दो अन्य संभागों में भारी बरसात की संभावना जताई जा रही है। रविवार-साेमवार की रात बिलासपुर और बस्तर संभाग के 15 केंद्रों पर भारी से अति भारी बरसात रिकॉर्ड की गई है। चांपा में तो 170 मिलीमीटर पानी बरसा है। यह अति भारी बारिश की श्रेणी में आता है।

मौसम विभाग ने सोमवार को एक नई चेतावनी जारी की। इसमें कहा गया है कि आगामी 48 घंटों में प्रदेश के सरगुजा और बिलासपुर संभागों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से अति भारी वर्षा होने तथा वज्रपात की संभावना है। वहीं रायपुर और दुर्ग संभागों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा होने तथा वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। राहत आयुक्त को मौसमी घटनाओं से अपडेट रहने और सतर्कता बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग ने रविवार शाम को भी 24 घंटों के लिए पांच जिलों में भारी से अति भारी बरसात की चेतावनी जारी की थी।

इधर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रविवार रात से ही बरसात जारी है। कई जिलों में आधी रात के बाद तेज बरसात हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक जांजगीर-चांपा जिले में सबसे अधिक पानी बरसा है। चांपा में 170 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड हुई है। वहीं वहीं सारागांव में 155.7 मिमी पानी बरसा है। जांजगीर में 119.4 मिमी पानी रिकॉर्ड हुआ है। वहीं नवागढ़ में 118.6 मिमी, बम्हनीडीह में 96.7 मिमी, बलोदा में 86.2 मिमी, मालखरोदा में 81.2 मिमी, जैजैपुर में 80.6 मिमी और अकलतरा में 70.3 मिमी बरसात दर्ज हुई है। बिलासपुर जिले के तखतपुर में 114.4 मिमी, मस्तुरी में 105 मिमी और कोटा में 87.8 मिमी पानी बरसा है। रायगढ़ के सारंगढ़ में 85.6 मिमी और बीजापुर के भोपालपट्‌टनम में 76.2 मिमी की बरसात दर्ज की गई है। कोरिया जिले के केल्हारी में भी 70.5 मिमी बरसात दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *