छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की वजह से तीन लोगाें की मौत हाे गई है। तीनों मरीज अलग-अलग जिलों से थे और रायपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती थे। उन्हें दूसरी गंभीर बीमारियां भी थीं। मरने वालों में दो लोगों को कोरोना रोधी टीके की एक भी डोज नहीं लगी थी। वहीं एक मरीज ने बूस्टर डोज नहीं लिया था।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शनिवार को रायपुर की एक 54 साल की महिला और जांजगीर-चांपा के 25 वर्षीय युवक की निजी अस्पताल में मौत हो गई। कांकेर के एक 57 साल के मरीज की मौत शुक्रवार रात हुई थी, जिसकी जानकारी शनिवार को अपडेट की गई। तीनों मरीज कई दिनों से राजधानी के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती थे। उन्हें दूसरी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जांच के दौरान इनमें कोरोना संक्रमण की भी पुष्टि हुई। ऑडिट में पता चला कि जांजगीर-चांपा और कांकेर से आए मरीज को कोरोना रोधी टीके की एक भी डोज नहीं लगी थी। वहीं रायपुर निवासी महिला ने दूसरे डोज के 9 महीने बाद भी बूस्टर डोज नहीं लिया था। इससे पहले सात जुलाई को भी एक मरीज की मौत हुई थी। जुलाई महीने के शुरुआती 9 दिनों में ही 6 मरीजों की जान जा चुकी है। प्रदेश में कोरोना से पहली मौत मई 2020 में हुई थी। तब से 9 जुलाई तक 14 हजार 43 लोगों की जान इस महामारी की वजह से जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस सीजन की पहली मौत 8 जून को हुई। तबसे अब तक 9 मरीजों की मौत हो चुकी है। 8 जून से पहले 10 मार्च को प्रदेश के एक मरीज की जान गई थी। मार्च में 7 तारीख को एक और 5 तारीख को दो मरीजों की मौत हुई थी। अप्रैल और मई महीनों में कोरोना संक्रमण की वजह से एक भी मौत नहीं हुई।