प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को झारखंड की धार्मिक नगरी देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने एयरपोर्ट और एम्स समेत दर्जनभर योजनाओं की शुरुआत की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने 12 किलोमीटर लंबा रोड शो किया और 12 ज्योतिर्लिंग में शामिल बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। पीएम ने यहां पूजन और दर्शन किए। बाबा धाम में उन्होंने एक रैली को भी संबोधित किया।
पीएम ने कहा- मुझे पूज्य बाबा के चरणों में जाकर दर्शन-पूजन का मौका मिला। उससे पहले झारखंड के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपयों की योजनाओं को भी बाबा के और जनता जनार्दन के चरणों में अर्पित किया।मोदी ने कहा-पहले की सरकारों में योजनाओं की घोषणा होती थी, फिर एक दो सरकार जाने के बाद एक-दो पत्थर लगा दिए जाते थे। पत्थर लटकता रहता था, दो-चार सरकारें चलने के बाद कोई और आता, फिर वो ईंट लगाता था, पता नहीं कितनी सरकारें जाने के बाद वो योजना सामने दिखती थी। आज हम उस कार्य संस्कृति को लाए हैं, उस राजनीतिक संस्कृति को लाए हैं, उस गवर्नेंस के मॉडल को लाए हैं कि जिसका शिलान्यास हम करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम करते हैं।
पीएम बोले- एक चुनौती है, शॉर्टकट की राजनीति। लोग शॉर्टकट अपनाकर वोट ले रहे हैं। जिसकी राजनीति शॉर्टकट पर आधारित होती है, एक दिन उसका अंत शॉर्ट सर्किट की तरह होता है। आजादी के बाद सरकारों ने शॉर्टकट अपनाया था। आज उसी का खामियाजा देश भुगत रहा है। इससे देश तबाह होता है। इसलिए जनता को ऐसे लोगों से सजग रहना चाहिए।
अगर बिजली नहीं होती तो लालटेन में रहना पड़ेगा। बिजली शॉर्टकट से पैदा नहीं हो सकती है। झारखंड के लोग जानते हैं कि इसके लिए प्लांट लगाना पड़ता है। जो राजनीतिक दल शॉर्टकट अपनाते हैं, वो लुभाने का काम करते हैं। जो ये राजनीति करते हैं वे एयरपोर्ट नहीं बना सकते हैं। झारखंड के लोगों को ऐसे लोगों से बचकर रहना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा- बाबाधाम हो, काशी विश्वनाथ धाम हो या अयोध्या धाम हो, हर धाम में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दुनिया के लोग नई जगहें देखना चाहते हैं। जानना चाहते हैं। आज समय की मांग है, भारत अपनी विरासत को तेजी से संरक्षित करे। वहां सुविधाएं बढ़ाए। हमने हाल ही दिनों में देखा है कि जहां पर सुविधाएं बढ़ाई गई हैं, वहां पर पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।
प्रधानमंत्री ने बनारस का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब से काशी विश्वनाथ कॉरिडोर शुरू हुआ है, वहां तीन गुना पर्यटक बढ़े हैं। वहां सभी को फायदा हुआ है। कारोबार बढ़ा है। जहां पर्यटन बढ़ता है, वहां विकास होता है। सबको फायदा होता है।