महाराष्ट्र सरकार ने आम आदमी को महंगाई से राहत देते हुए पेट्रोल 5 रुपए और डीजल 3 रुपए सस्ता कर दिया है। राज्य सरकार ने आज कैबिनेट बैठक में पेट्रोल और डीजल पर वैट घटाया है। अभी मुंबई में पेट्रोल 111.35 रुपए और डीजल 97.28 रुपए लीटर बिक रहा है। इस कटौती के बाद पेट्रोल 106.35 रुपए और डीजल 94.28 रुपए लीटर मिलेगा।
इससे पहले मई में भी महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोल पर लगने वाले वैट में 2.08 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर लगने वाले शुल्क में 1.44 रुपए प्रति लीटर की कटौती की थी।वैट से कमाई के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे है। 2021-22 में वैट के जरिए राज्य सरकार को 34,002 करोड़ रुपए कर कमाई हुई। इसके बाद उत्तर प्रदेश का नंबर आता है उसने 26,333 करोड़ रुपए की कमाई की।वैट वसूलने के मामले में तेलंगाना सबसे आगे हो गया है। यहां पेट्रोल पर 35.20% और डीजल पर 27% टैक्स वसूला जा रहा है। वहीं राजस्थान में पेट्रोल पर 31.02% और डीजल पर 19.30% वैट वसूला जा रहा है। लक्षद्वीप एक मात्र ऐसा राज्य है जहां वैट नहीं लिया जाता है।
जून 2010 तक सरकार पेट्रोल की कीमत निर्धारित करती थी और हर 15 दिन में इसे बदला जाता था। 26 जून 2010 के बाद सरकार ने पेट्रोल की कीमतों का निर्धारण ऑयल कंपनियों के ऊपर छोड़ दिया। इसी तरह अक्टूबर 2014 तक डीजल की कीमत भी सरकार निर्धारित करती थी, लेकिन 19 अक्टूबर 2014 से सरकार ने ये काम भी ऑयल कंपनियों को सौंप दिया।