इंडिगो प्लेन की कराची में लैंडिंग:शारजाह-हैदराबाद फ्लाइट को खराबी के बाद उतारा गया

इंडिगो प्लेन की कराची में लैंडिंग:शारजाह-हैदराबाद फ्लाइट को खराबी के बाद उतारा गया

इंडिगो की शारजाह-हैदराबाद फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते पाकिस्तान के कराची में लैंड कराया गया है। जानकारी के मुताबिक पायलट ने एयरक्राफ्ट में यह खराबी नोट की, इसके बाद प्लेन को कराची में लैंड कराने का फैसला लिया गया है। फिलहाल एयरपोर्ट पर इस विमान की जांच की जा रही है। इंडिगो के मुताबिक यात्रियों को रिफ्रेशमेंट दिया जा रहा है। पैसेंजर्स को कराची से वापस लाने के लिए दूसरा एयरक्राफ्ट भेजने की तैयारी की जा रही है।

पिछले दो हफ्ते में कराची में भारतीय एयरलाइन की यह दूसरी लैंडिंग है। इससे पहले स्पाइसजेट के प्लेन को भी तकनीकी खराबी की वजह से कराची में उतारना पड़ा था।पिछले गुरुवार (14 जुलाई) को दिल्ली से वडोदरा जा रहे एक इंडिगो की फ्लाइट 6E-859 की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। बताया गया था कि विमान में कुछ तकनीकी खराबी आई थी, जिसके बाद एहतियात के तौर पर इसकी आपात लैंडिंग कराई गई थी। 14 जुलाई को ही दिल्ली से मणिपुर की राजधानी इंफाल जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2615 को खराब मौसम के चलते कोलकाता एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा था। इस विमान में 141 यात्री सवार थें।

पिछले मंगलवार (5 जुलाई) स्पाइसजेट विमान के एक के बाद एक दो हादसे होते-होते रह गए थे। पहला मामला सुबह का था, जब दिल्ली से दुबई जा रही विमान में तकनीकी खराबी की वजह से पाकिस्तान के कराची में लैंडिंग करानी पड़ी थी। बताया जा रहा था कि फ्यूल लीक की वजह से फ्लाइट की कराची में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।

दूसरा मामला कांडला से मुंबई जा रहे विमान का था, जब हवा में करीब 23 हजार फीट की ऊंचाई पर स्पाइस जेट के विमान के विंडशील्ड आउटर पेन में दरार आ गई। जिसके बाद विमान को मुंबई में सुरक्षित उतारा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *