पिछले एक सप्ताह से हो रही बरसात से रायपुर और बेमेतरा जिले के बड़े हिस्से को सूखे के संकट से निकाल लिया है। यह दोनों जिले कम वर्षा वाले क्षेत्रों से निकलकर सामान्य वर्षा वाले जिलों में शामिल हो गए हैं। अब सरगुजा संभाग के पांच जिलों और बिलासपुर संभाग के कोरबा में ही कम वर्षा का संकट बना हुआ है। यहां भी दो दिनों से बरसात हो रही है, अब मामूली सुधार देखा गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 11 अगस्त सुबह 8.30 बजे तक 762.4 मिमी पानी बरस चुका था। एक जून से 11 अगस्त तक बरसात का सामान्य औसत केवल 709.5 मिलीमीटर ही है। इस मान से अब तक सामान्य से सात प्रतिशत अधिक बरसात हो चुकी है। प्रदेश के 11 जिलों में सामान्य से अधिक बरसात हुई है। वहीं एक जिले बीजापुर में बहुत अधिक पानी बरसा है।
10 जिलों में बरसात सामान्य है। इसमें रायपुर और बेमेतरा जिला भी शामिल है। पिछले सप्ताह तक रायपुर जिले में सामान्य से 35% तक कम बरसात थी। पिछले दो दिनों में रायपुर और आसपास 120 मिलीमीटर तक पानी बरसा। यानी दो दिन तो भारी बरसात हुई। इस बरसात ने पानी की कमी को बहुत हद तक दूर कर दिया। गुरुवार सुबह तक रायपुर में 572.1 मिलीमीटर बरसात हो चुकी थी। यह सामान्य औसत बरसात 645.1 मिमी से केवल 11% कम है।
बेमेतरा में भी 502.2 मिमी पानी बरस चुका है। यह वहां के सामान्य औसत बरसात से 19% कम है। तकनीकी तौर पर 19% कम या अधिक बरसात को सामान्य माना जाता है। इससे ज्यादा होने पर एक्सेस या अधिक बरसात कहते हैं। कम होने पर Deficient या कम वर्षा कहते हैं। अब सामान्य बरसात वाले जिलों में बेमेतरा, बिलासपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, दुर्ग, कोण्डागांव, महासमुंद, नारायणपुर, रायगढ़, रायपुर और सुकमा जिले शुमार हो गए हैं।
प्रदेश के 12 जिलों में भारी बरसात की वजह से हाहाकार मचा हुआ है। नदी-नाले उफान पर हैं और निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बीजापुर में अब तक 1910.9 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है। यह सामान्य से 126% अधिक है। इसके अलावा बालोद, बलौदा बाजार-भाटापारा, बस्तर, दंतेवाड़ा, धमतरी, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, कांकेर, मुंगेली और राजनांदगांव में भी सामान्य से अधिक पानी बरस चुका है। इनमें से कई जिलों में बाढ़ की वजह से दिक्कते बढ़ी हुई हैं। खेत भी डूब गए हैं।उत्तर छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले में सबसे कम पानी बरसा है। यहां गुरुवार तक केवल 291.7 मिमी बरसात हो पाई थी। एक जून से 11 अगस्त तक सरगुजा की औसत सामान्य वर्षा 785.8 मिमी है। इस मान से यहां 63% कम वर्षा हुई है। सरगुजा के अलावा सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, कोरिया और बिलासपुर संभाग के कोरबा जिले में सामान्य से बम बरसात हुई है। दो दिनों से उन क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम स्तर की बरसात हुई है। इसका फायदा यह हुआ है कि बलरामपुर और जशपुर जिले वर्षा की बहुत अधिक कमी वाले जिलों की सूची से बाहर निकल गए हैं।