चारामा में लगी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा:मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया अनावरण

चारामा में लगी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा:मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया अनावरण

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को कांकेर जिले के विकासखंड मुख्यालय चारामा में भगवान बिरसा मुंडा की लगभग 15 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। यह प्रतिमा चारामा से कोरर मार्ग पर दरगहन चौक पर लगाई गई है। मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का अनावरण किया।

यहां आयोजित सभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, आजादी की लड़ाई में आदिवासी समाज ने बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। झारखंड में जैसे शहीद बिरसा मुंडा याद किए जाते हैं, हमारे छत्तीसगढ़ में शहीद गेंद सिंह, शहीद गुंडाधुर, शहीद वीर नारायण सिंह को याद करते हैं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में 9 अगस्त से शुरू हुए अगस्त क्रांति को याद किया। उन्होंने कहा, अगस्त क्रांति ने अंग्रेजों की सत्ता को हिला दिया था। महान क्रांतिकारियों के बलिदान और संघर्षों से कारण ही हम लोग आज आजाद देश में सांसे ले रहे हैं। आज हम पदयात्रा कर रहे हैं, हमर तिरंगा कार्यक्रम कर रहे हैं, ताकी आने वाली पीढ़ी को आजादी की कहानी बता सके। मुख्यमंत्री ने कहा, हमें संविधान से शक्ति मिली है, अब हमें संविधान और अधिकारों को सुरक्षित रखना है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपनी सरकार के कामकाज पर भी बात रखी। उन्होंने कहा, 3.5 साल की सरकार हुई। उसमें भी एक साल चुनाव में और दो साल कोरोना निकला लेकिन हमने पेसा कानून को लेकर नियम बनाए। उसे गजेटियर में लाया। मुख्यमंत्री ने कहा, 15 साल तक भाजपा की सरकार रही, वे पेसा कानून नहीं ला पाए, नियम नहीं बना पाए। हमने आदिवासियों की जमीन लौटाई। हमारी सरकार ने आदिवासियो को उनका अधिकार दिलाया, उन्हे आर्थिक रूप से संपन्न बनाया है। आयोजन में विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज सिंह मंडावी, सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष जीवन ठाकुर, गोंडवाना समाज के जिलाध्यक्ष मानक दरपट्टी, रैनसिंह कांगे, सर्व आदिवासी समाज चारामा के अध्यक्ष गौतम कुंजाम, समाज प्रमुख ठाकुर राम कश्यप सहित आदिवासी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित थे।मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने दरगहन चौक पर बिरसा मुंडा की मूर्ति की स्थापना हेतु जमीन दान में देने वाले जोशी परिवार का सम्मान शाल और श्रीफल भेंट कर किया। परिवार की ओर से वयोवृद्ध चंद्रकांत जोशी और हरिप्रिया जोशी को सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार की नन्हीं बालिका तनुश्री जोशी के साथ भेंट कर तस्वीर भी खिंचाई।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को बालोद जिले के गुरूर विकासखण्ड के ग्राम कोलिहामार भी पहुंचे। वहां उन्होंने आदिवासी गाेंडवाना सेवा समिति की ओर से आयोजित विश्व आदिवासी दिवस समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ग्राम नारांगाव के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. सुकालू राम कड़ियाम, स्व.बिसाहू राम गायकवाड़, स्व.पीताम्बर मंडावी और स्व.सरजू राम मंडावी की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए प्रतिमा निर्माण की घोषणा की। उन्होंने इसके लिए 20 लाख रुपए की स्वीकृति दी है। वहीं गुरूर के मुख्य मार्ग पर शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा स्थापना के लिए भी 10 लाख रुपए की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *