छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को 61 साल के हो गए। जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई संदेश भेजा है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुबह फोन कर मुख्यमंत्री से बात की। उनको जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री की बेटियों ने मां-पिता की आरती उतार कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद पूरे प्रदेश से लोगों के सीएम हाउस आने का सिलसिला शुरू हो गया जो देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान किसी ने पगड़ी पहनाई, किसी ने खुमरी और किसी ने हल भेंट किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन पर सुबह से ही मंत्रियों-विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों का समूह सीएम हाउस पहुंचने लगा था। मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना से दिन की शुरुआत की। उसके बाद उनकी पत्नी मुक्तेश्वरी बघेल ने उनको तिलक लगाकर मुंह मीठा कराया। मुख्यमंत्री ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से यह तस्वीर साझा की है।उन्होंने लिखा, जीवन की यात्रा चलती रहती है और परिवार स्थायी हमसफर होता है, जिसका संबल आजीवन मिलता है। आज एक पड़ाव और पार हो गया…। परिवार में जन्मदिन मनाने के बाद मुख्यमंत्री अपने कक्ष में आए जहां मिलने वालों का हुजूम उनका इंतजार कर रहा था। नेताओं-कार्यकर्ताओं, अफसरों और गणमान्य लोगों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। जन्मदिन के बहाने जय-वीरू की जोड़ी एक बार फिर मिली। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव सफेद फूलों का गुलदस्ता लेकर मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। दोनों नेता गर्मजोशी से मिले। सिंहदेव ने गले लगाकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बधाई देने के लिए लोगों की भारी भीड़ मुख्यमंत्री निवास पहुंची थी। सभी को व्यवस्थित रूप से मुलाकात कराने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने लाइन लगवा दिया। मुख्यमंत्री एक-एक कर सभी से मिलकर बधाई स्वीकार करते रहे।जन्मदिन पर मुख्यमंत्री निवास में दो घंटों तक के लिए ओपन हाउस की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक का समय निर्धारित है। इस बीच मुख्यमंत्री से मिलने के लिए किसी पूर्व अनुमति की जरूरत नहीं होगी। निवास पहुंचे सभी व्यक्तियों को सुरक्षा जांच के बाद भीतर लिया जा रहा है ताकि लोग मुख्यमंत्री से मिलकर बधाई दे सकें।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बधाई देने तीनों प्रशासनिक बलों के मुखिया भी पहुंचे। मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा और मुख्य प्रधान वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री को बधाई दी। इस दौरान संवाद की पत्रिका जनमन के विशेष अंक का विमोचन भी हुआ। अन्य विभागों के प्रशासनिक और पुलिस सेवा के अधिकारी भी लगातार मुख्यमंत्री निवास पहुंच रहे हैं।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलकर जन्मदिन की बधाई देने के लिए प्रदेश के कई जिलों से लोग पहुंचे थे। इसमें शहर से लेकर सुदूर गांव तक के लोग शामिल थे। किसानों ने जहां मुख्यमंत्री को खुमरी पहनाकर-हल देकर सम्मानित किया। वहीं कबीरधाम के करती गांव से आए एक बैगा परिवार ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर मुख्यमंत्री को बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार के एक बच्चे को गाेद में दुलारा भी।
