सोनाली फोगाट का हिसार में अंतिम संस्कार:

सोनाली फोगाट का हिसार में अंतिम संस्कार:

हरियाणा BJP की नेता और टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट का शुक्रवार दोपहर साढ़े 12 बजे हिसार में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी बेटी यशोधरा ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान लोग ‘सोनाली अमर रहे’ और ‘सोनाली के कातिलों को फांसी हो’ के नारे लगाते रहे। कुछ दिन पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए कुलदीप बिश्नोई सोनाली को श्रद्धांजलि देने श्मशान घाट पहुंचे।

इससे पहले सुबह लगभग सवा 10 बजे सोनाली का पार्थिव शरीर हिसार सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी से अंतिम दर्शन के लिए उनके ढंढूर फार्म हाउस लाया गया। फार्म हाउस में रस्मों के बाद उनकी अंतिम यात्रा ऋषि नगर श्मशान घाट के लिए निकली। इस दौरान सोनाली की इकलौती बेटी यशोधरा ने उनके पार्थिव शरीर को कंधा दिया। सम्मान के तौर पर सोनाली की बॉडी पर भाजपा का झंडा रखा गया।

श्मशान घाट में सोनाली को श्रद्धांजलि देने हिसार नगर निगम के मेयर गौतम सरदाना, पूर्व मंत्री संपत सिंह के अलावा नवीन जयहिंद भी पहुंचे।सोनाली 23 अगस्त की सुबह गोवा के एक रिसॉर्ट में मृत मिली थीं। पोस्टमॉर्टम में उनके शरीर पर ब्लंट कट मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में उनके PA सुधीर सांगवान और उसके साथी सुखविंदर को गिरफ्तार किया है। गोवा पुलिस सुधीर और सुखविंदर को शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी।इस बीच सोनाली के जेठ कुलदीप ने सुधीर सांगवान को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। कुलदीप ने बताया कि सुधीर ने गुरुग्राम में किराए पर फ्लैट लेने के लिए सोनाली को अपनी पत्नी बताया था।हरियाणा के CM मनोहर लाल ने कहा है कि अगर सोनाली का परिवार लिखित में डिमांड करेगा तो राज्य सरकार उनकी मौत की CBI जांच जरूर कराएगी। सरकार को जांच कराने में कोई आपत्ति नहीं है। सोनाली की फैमिली पहले दिन से इस केस की CBI जांच की डिमांड कर रही है। परिवार कह चुका है कि उसे गोवा पुलिस की जांच पर यकीन नहीं है।

सोनाली के परिवार की सहमति के बाद गोवा में गुरुवार को सोनाली का पोस्टमॉर्टम किया गया। यह 4 घंटे से ज्यादा चला। 3 डॉक्टरों के पैनल ने पौने 12 बजे पोस्टमॉर्टम शुरू किया, जो शाम 4 बजे खत्म हुआ। इसकी वीडियोग्राफी की गई। इस दौरान सोनाली का भाई रिंकू ढाका और जीजा अमन पूनिया अस्पताल में ही मौजूद रहे।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सोनाली के शरीर पर कई ‘ब्लंट कट’ होने का जिक्र किया गया। आसान भाषा में इसे ‘गुम चोट’ कह सकते हैं। मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, यह चोट किसी लाठी-डंडे से मारी गईं या घूंसों से यह पता करना बेहद मुश्किल होता है। सोनाली के शरीर पर चोट मारने वाला कोई एक्सपर्ट रहा होगा। पोस्टमॉर्टम के बाद सोनाली की बॉडी उसके भाई और जीजा को हैंडओवर कर दी गई।

सोनाली के जीजा अमन पूनिया ने आरोप लगाया कि सोनाली की मौत के 12 घंटे बाद तक सुधीर उसका मोबाइल फोन इस्तेमाल करता रहा। जब उन्होंने गोवा पुलिस से इस बारे में पूछा तो पुलिस अफसरों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। अमन के अनुसार, सोनाली की हत्या राजनीतिक साजिश के तहत की गई और सुधीर इसमें मोहरा भर है।

जब वह और रिंकू गोवा पहुंचे तो सुधीर ने उन्हें बताया गया कि सोनाली ने रात में ड्रग्स की ओवरडोज ले ली, जिसकी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसका तर्क था कि सोनाली सेलिब्रिटी थी, इसलिए वह उसे अस्पताल लेकर नहीं गया। अमन ने आरोप लगाया कि सोनाली को रेस्टोरेंट में ड्रग्स की ओवरडोज जानबूझकर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *