अमित शाह बोले-अब हर प्रदेश में NIA:CG में सरकार बदल दो, चुटकियों में नक्सलवाद खत्म हो जाएगा;

अमित शाह बोले-अब हर प्रदेश में NIA:CG में सरकार बदल दो, चुटकियों में नक्सलवाद खत्म हो जाएगा;

गृहमंत्री अमित शाह BSF(बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स) के विशेष विमान से आज रायपुर पहुंचे। उन्होंने नवा रायपुर में NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) की नई बिल्डिंग का उद्घाटन किया। शाह ने NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) के काम की जमकर तारीफ की और कहा कि चुनाव से पहले देश के सभी राज्यों में NIA की ब्रांच होगी। इसके बाद शाह साइंस कॉलेज स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम भी पहुंचे। यहां भाजपा की तरफ से मोदी@20 किताब पर परिचर्चा का आयोजन किया गया था। इस चर्चा में अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार बदल दो, चुटकियों में नक्सलवाद खत्म हो जाएगा।

NIA भवन के उद्घाटन के समय अमित शाह के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। वे रिबन कटिंग के वक्त बिलकुल उनके साथ खड़े हुए। इसके बाद मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव भी थे। स्वागत के बाद संबोधन की शुरूआत हुई।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, यह भव्य भवन NIA की बढ़ती साख और दबदबे का प्रतीक है। NIA स्थापना का समय लंबा नहीं है। किसी भी एजेंसी को उभरने, साख बनाने और परिणाम लाने में लंबा समय जाता है। NIA ने अल्प समय में ही काम में बेंचमार्क स्थापित किया है। यह देश के लिए गौरव की बात है। दोष सिद्धि के मामले में एजेंसी ने गोल्ड मानक स्थापित किये हैं। यह 94% है। ऐसे मामलों में जहां षड्यंत्र देश के बाहर होते हैं और घटना यहां होती है। उसके बाद भी षड्यंत्र का पूरा जाला खोलकर निकालना और नष्ट करने में इस एजेंसी ने विशेषज्ञता हासिल कर ली है। इसको पिछले तीन साल में एक फेडरल क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी बनाने का भरसक प्रयास किया है।

विगत वर्षों में 10 राज्यों में NIA ने अपने काम का विस्तार किया है। तीन साल में 18 राज्यों में अपनी पहुंच को मजबूत कर लिया है। वहां ब्रांचेज खोले गए हैं। देश में नए चुनाव आने से पहले देश के सभी राज्यों में NIA ब्रांच होगी। उन्होंने कहा 370 हटने के बाद कश्मीर में शांति दिखाई देती है। आतंकी गतिविधियां कम हुई हैं। वहां हमारा वर्चस्व दिखाई देता है। उसकी वजह है टेरर फंडिंग पर कार्रवाई। वामपंथी उग्रवाद का मूल नष्ट करने का काम मोदी सरकार ने किया है। 2021 में केवल 509 घटनाएं हुईं। अब सिर्फ 86 जिलों में माओवादी घटनाएं रिपोर्ट हो रही है। पहले यह जिले 120 थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *