भारतीय शेयर बाजार में दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को साल 2022 की दूसरी सबसे बड़ी तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 1,560 अंक बढ़कर 59,530 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 430 अंक की बढ़त के साथ 17,750 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में तेजी रही। इस साल 15 फरवरी को पहली सबसे बड़ी तेजी देखने को मिली थी, तब सेंसेक्स में 1736 और निफ्टी में 510 अंक की बढ़त आई थी।बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स, मारुति, टाटा स्टील, NTPC, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक और एक्सिस बैंक में सबसे ज्यादा तेजी रही। वहीं निफ्टी के टॉप लूजर्स में डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरीज रहे।दुनिया के अमीरों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंचे गौतम अडाणी के सभी कंपनियों के शेयर में तेजी देखने को मिली। इनमें से तीन कंपनियों के शेयर ने 52 हफ्ते का हाई लेवल बनाया। अडाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज, अडाणी टोटल गैस और अडाणी ट्रांसमिशन के शेयरों में तेजी रही।