मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष को एकजुट करने के लिए दिल्ली के दौरे पर जा रहे हैं। वे 5 से 7 सितबंर तक विपक्ष के नेताओं से मिलेंगे। नीतीश कुमार सोनिया गांधी, राहुल गांधी और ओम प्रकाश चौटाला से मिलेंगे। इधर, राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद नीतीश ने कहा कि देश की जनता सब देख रही है। देश में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। 2024 के परिणाम में जनता बताने का काम करेगी।
नीतीश ने कहा कि सभी विरोधी दल अगर एकजुट हो जाएंगे तो 2024 का परिणाम कुछ और होगा। वहीं मणिपुर में जेडीयू की टूट पर कहा कि एक नए ढंग का काम किया जा रहा है। कुछ दिन पहले सभी विधायक बिहार आए थे, पता चला था कि सभी को बीजेपी में शामिल करा रहे हैं। क्या यह संवैधानिक काम है, आप बताइए।
जदयू की राज्य कार्यकारिणी की बैठक खत्म हो गई। बैठक 3 घंटे चली। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष भी बैठक में मौजूद थे। बैठक से पहले मंत्री अशोक चौधरी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमारे विधायकों को उस वक्त भी तोड़ लिया था, जब हम उनके साथ थे। अब तो हम खिलाफ हैं, तब तोड़ दिया तो क्या बड़ी बात है।
चौधरी ने कहा कि मणिपुर में हमारे विधायक टूटे हैं। लेकिन वहां हमारा वोट बैंक नहीं टूटा। जनता सब देख रही है। मणिपुर में जो नीतीश कुमार को चाहने वाले लोग हैं उन्हें तोड़ा नहीं जा सकता है। हमलोग अपने तरीके से 2024 के लिए तैयारी करेंगे, वो लोग अपने तरीके से करेंगे।