छत्तीसगढ़ में अब 33 जिले :

छत्तीसगढ़ में अब 33 जिले :

छत्तीसगढ़ का शुक्रवार दोपहर तक राजनीतिक और प्रशासनिक मानचित्र बदल चुका है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में दो नए जिलों सक्ती और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का उद्घाटन किया। इसके बाद प्रदेश में जिलों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। पिछले 4 साल के दौरान कांग्रेस सरकार में प्रदेश को 6 नए जिले मिले हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, हम पुरखों का सपना पूरा कर रहे हैं। आज जिला निर्माण का बड़ा वादा पूरा हुआ है।

CM बघेल ने सक्ती में कहा, गड़बो नवा छत्तीसगढ़ का जो सपना हम सभी ने देखा था, हम उसे पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हमारे छत्तीसगढ़ की 2 करोड़ 85 लाख जनता का हमें ध्यान रखना है। सबके विकास के लिए नीतियां बनाना हमारा काम है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में मुख्यमंत्री सुपोषण योजना, हाट बाजार क्लीनिक योजना, जिला अस्पताल जैसे कार्यों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि, शिक्षा के क्षेत्र में स्वामी आत्मानंद स्कूल खोल रहे हैं। अब तक पूरे प्रदेश में 289 स्कूल खुले हैं। आने वाले साल में 422 स्कूल और नए स्कूल खोलेंगे।इससे पहले मुख्यमंत्री बघेल ने सक्ती जिले के प्रथम पुलिस अधीक्षक एमआर आहिरे को पदभार ग्रहण कराया और उन्हें बधाई दी। पुलिस बैंड ने जनरल सैल्यूट की धुन बजाकर सलामी दी। इसके बाद CM ने रोड शो किया। इस दौरान राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर आधारित चलित झांकी भी चल रही थी। इसमें जल जीवन मिशन, मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, आदि की चलित आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की गईं।

जिलों के उद्घाटन की शुरुआत पहले मनेंद्रगढ़ से हुई। CM बघेल ने प्रदेश के 32वें जिले मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का उद्घाटन किया। मंच से अपनी बात खत्म करने के बाद CM दोबारा डायस पर पहुंचे और कहा कि अब आया हूं तो कुछ देकर जाऊंगा। इसके बाद उन्होंने मंच से मनेंद्रगढ़, चिरमिरी और भरतपुर के विकास के लिए 3-3 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके साथ ही कहा कि चिरमिरी के 100 बेड के अस्पताल को जिला अस्पताल बनाया जाएगा। मनेन्द्रगढ के सिद्ध बाबा मंदिर भी पर्यटन विभाग विकसित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *