केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में बुधवार को गोंड-भारिया जैसी जातियों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। कैबिनेट ने 5 राज्यों छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में करीब 15 जनजातीय समुदायों को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने यह जानकारी दी।
इस फैसले के बाद देश में अनुसूचित जनजातियों की संख्या 705 से बढ़कर 720 हो गई है। 2011 की जनगणना के अनुसार देश में ST की जनसंख्या 10.43 करोड़ है, जो देश की कुल आबादी का 8.6% है।
मीटिंग के दौरान यूपी के रविदास नगर का नाम बदलकर भदोही कर दिया गया है। गोंड जाति की 5 उपजातियों, धूरिया, नायक, ओझा, पठारी, राजगोंड को भी अनुसूचित जनजाति में शामिल किया गया है।
जातियां जिन्हें अनुसूचित जनजाति में शामिल किया गया
| छत्तीसगढ़ | भूईंया, भूया, पंडो, धनुहार, गदबा, गोंड, कोंध, कोडाकू, नगेसिया, धांगड़, सौंरा, बिंझिया |
| हिमाचल | हट्टी |
| तमिलनाडु | कुरुविक्करन |
| कर्नाटक | बेट्टा कुरुबा |
| उत्तर प्रदेश | गोंड, उपजाति-धुरिया, नायक, ओझा, पठारी, राजगोंड |