छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत आज तीसरे दिन संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने गुरूर नगर पंचायत और ग्राम जगन्नाथपुर में जनचौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि लोगों में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह है और इसमें स्टूडेंट्स के लेकर हर वर्ग के लोग पहुंच रहे हैं और अपनी मांगें भी रख रहे हैं।
जगन्नाथपुर में भेंट-मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से आज खेती लाभ का व्यवसाय बन गया है। उन्होंने कहा कि इस साल समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एक नवंबर से शुरू होगी। सीएम ने कहा कि हमने फैसला किया है कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त दीपावली के पहले 15 अक्टूबर को दी जाएगी। सीएम ने कहा कि खेती के साथ ही पशुपालन को लाभदायक बनाया जा रहा है। गोधन न्याय योजना के माध्यम से गोबर खरीदी की जा रही है।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि रूरल इंडस्ट्रीज पार्क के माध्यम से ग्रामीण रोजगार को और सशक्त बनाया जाएगा। हाट बाजार क्लीनिक योजना से बेहतर उपचार हो रहा है। उपचार से संबंधित कई जांच मुफ्त में हो रही है। धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स योजना से सस्ती दर पर दवाई दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिग्री के बजाए व्यावसायिक शिक्षा पर सरकार का अधिक फोकस है। बहुत जल्दी आगामी बजट में जगन्नाथपुर में कॉलेज खोला जाएगा।