जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे का राजकीय अंतिम संस्कार यानी स्टेट फ्यूनरल 27 सितंबर को टोक्यो में होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत 217 देशों के प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। शिंजो की प्रतीकात्मक अंतिम विदाई समारोह पर करीब 97 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जापान टाइम्स के मुताबिक, 27 सितंबर को अंतिम विदाई का कार्यक्रम टोक्यो के निप्पॉन बुडोकन में दोपहर 2 बजे शुरू होगा।आबे की 8 जुलाई को हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पारिवारिक तौर पर शिंजो का अंतिम संस्कार 15 जुलाई को हुआ था। लिहाजा, यह अंतिम संस्कार प्रतीकात्मक होगा। इसकी वजह ये है कि निजी समारोह में राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल नहीं हो सके थे।वर्ल्ड वॉर II के बाद जापान में दूसरी बार किसी प्रधानमंत्री का स्टेट फ्यूनरल हो रहा है। इससे पहले, 1967 में शिगेरु योशिदा के लिए स्टेट फ्यूनरल हुआ था। इसके अलावा सभी प्रधानमंत्री का रेगुलर प्रोटोकॉल के तहत ही फ्यूनरल हुआ है। आबे की हत्या के बाद नई पुलिस सिक्योरिटी गाइडलाइंस जारी की गई थी। इसके बाद टोक्यो में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गाइडलाइन आने के बाद से जापान में पहली बार बड़े स्तर का सार्वजनिक कार्यक्रम होगा।