प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान पीएम 3,650 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। पीएम सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर बिलासपुर पहुंचेंगे। यहां प्रधानमंत्री पहले 1470 करोड़ की लागत से बने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) का लोकार्पण करेंगे।
बाद में लुहणू मैदान से वर्चुअली बंदला में सरकारी हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन करेंगे। यहां से ही बद्दी मेडिकल डिवाइस पार्क और भारतमाला परियोजना के तहत पिंजौर से नालागढ़ के बीच बनने वाले 31 किलोमीटर लंबे फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग का बिलासपुर से ही वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री लुहणू में जनसभा को संबोधित कर चुनावी शंखनाद करेंगे।दोपहर बाद सवा 3 बजे कुल्लू के ढालपुर मैदान में अंतरराष्ट्रीय दशहरा समारोह में हिस्सा लेंगे। PMO की ओर से जारी बयान के अनुसार, हिमाचल दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राज्य की जनता को 3,650 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं की सौगात देंगे।AIIMS की आधारशिला भी प्रधानमंत्री मोदी ने ही 2017 में रखी थी। AIIMS के अलावा पीएम मोदी 1,611 करोड़ के उद्घाटन और अन्य शिलान्यास भी करेंगे। पीएमओ के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी हेलिकॉप्टर से सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर बिलासपुर पहुंचेंगे। हेलिपैड से सीधे AIIMS के सी ब्लॉक जाएंगे।