मुलायम सिंह यादव की हालत नाजुक:रविवार से CCU में एडमिट हैं

मुलायम सिंह यादव की हालत नाजुक:रविवार से CCU में एडमिट हैं

UP के पूर्व CM और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत स्थिर बनी हुई है। सोमवार दोपहर को मेदांता अस्पताल ने पहला हेल्थ बुलेटिन जारी किया। इसमें सिर्फ इतना बताया गया है कि वह सीसीयू यानी क्रिटिकल केयर यूनिट में एडमिट हैं। स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम उनका ट्रीटमेंट कर रही है।

उनकी बीमारी, ब्लड प्रेशर या ऑक्सीजन लेवल से जुड़ी हुई कोई जानकारी नहीं दी गई है। मुलायम सिंह के स्वास्थ्य का हाल जानने मेदांता आए कार्यकर्ताओं से धर्मेंद्र यादव मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नेताजी के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है, दुआओं की जरूरत है। वहीं मुलायम सिंह यादव के भाई अभय राम ने कहा कि नेताजी के स्वास्थ्य लाभ के लिए गांव में लोग प्रार्थना कर रहे हैं। जल्द ही उनकी तबीयत ठीक होगी और वह सैफई में घर आएंगे।”

रविवार शाम को मुलायम सिंह की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें सीसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया। अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव के अलावा परिवार के सभी लोग मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे। वहां उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत की। सोमवार को भी शिवपाल यादव अस्पताल पहुंचे।

इधर, लखनऊ में मुलायम सिंह और अखिलेश के आवास पर सन्नाटा है। सपा कार्यालय में भी आवाजाही नहीं है। पूरा परिवार इस वक्त दिल्ली और गुरुग्राम में है। रविवार को ही हालत नाजुक होने की सूचना पर अखिलेश, पत्नी डिंपल और बेटे अर्जुन के साथ दिल्ली निकल गए थे।

वहीं, वाराणसी के बीएचयू का छात्र आशुतोष सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंच गया। उसने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के लिए किडनी डोनेट करने का प्रस्ताव रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *