दशहरे पर JIO का ट्रू 5G बीटा ट्रायल:दिल्ली-मुंबई समेत 4 शहरों में लॉन्च की सर्विस

दशहरे पर JIO का ट्रू 5G बीटा ट्रायल:दिल्ली-मुंबई समेत 4 शहरों में लॉन्च की सर्विस

रिलायंस जियो की ट्रू-5G सर्विस दशहरा यानी आज (5 अक्टूबर) से शुरू हो गई है। यह सर्विस देश के 4 शहरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और वाराणसी में शुरू की गई है। अभी यह सर्विस ऑन इनविटेशन है, यानी मौजूदा जियो यूजर्स में से कुछ चुनिंदा ग्राहकों को ही इस सर्विस का इस्तेमाल करने के लिए इनवाइट किया गया है।

यूजर्स को इसके साथ ही वेलकम-ऑफर भी मिलेगा, जिसके तहत यूजर्स को 1GBPS तक की स्पीड और अनलिमिटेड 5G डेटा मिलेगा। इनवाइटेड यूजर्स इन जियो ट्रू 5G सर्विस का एक्सपीरियंस करेंगे और उनके अनुभवों के आधार पर ही कंपनी डिटेल्ड 5G सर्विस लॉन्च करेगी।

शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, कौशल विकास, छोटे, मध्यम और बड़े उद्यमों, IoT, स्मार्ट होम और गेमिंग जैसे क्षेत्रों को यह पूरी तरह बदल कर रख देगा और 140 करोड़ भारतीयों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। ट्रू-5G सर्विस के बीटा ट्रायल से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए JIO.COM & MYJIO APP पर जा सकते हैं।

इस मौके पर रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा, ‘हमारे प्रधानमंत्री के आह्वान पर ही जियो ने भारत जैसे बड़े आकार के देश के लिए सबसे तेज 5G रोल-आउट की योजना तैयार की है। Jio 5G एक ट्रू 5G होगा और हमारा मानना है कि भारत TRUE-5G से कम का हकदार नहीं है। Jio 5G दुनिया का सबसे एडवांस 5G नेटवर्क होगा, जिसे भारतीयों ने, भारतीयों के लिए बनाया है।’

आकाश अंबानी ने आगे कहा, ‘5G एक ऐसी सर्विस नहीं हो सकती, जो कुछ विशेषाधिकार प्राप्त लोगों के लिए या सिर्फ बड़े शहरों तक उपलब्ध हो। यह पूरे भारत में हर नागरिक, हर घर और हर बिजनेस के लिए उपलब्ध होनी चाहिए। तभी हम अपनी पूरी अर्थव्यवस्था में उत्पादकता, कमाई और जीवन स्तर में मूलभूत बदलाव ला सकते हैं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *