प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन दिवसीय गुजरात दौरे का आज दूसरा दिन हैं। भरूच, आणंद में कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास के बाद अहमदाबाद से जामनगर पहुंचे। यहां उन्होंने रोड शो के बाद 1448 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण किया। आज की रात पीएम जामनगर में ही रुकेंगे और इसके बाद कल सुबह गांधीनगर रवाना होंगे।इससे पहले पीएम ने अहमदाबाद में शैक्षणिक संकुल के पहले चरण का उद्घाटन किया। कैंपस में बना हॉस्टल जरूरतमंद छात्रों के लिए एक शैक्षिक परिसर है। इस 12 मंजिला हॉस्टल में 116 कमरे हैं और यह 400 से अधिक छात्रों के लिए आवास और भोजन की सुविधा प्रदान करेगा।इससे पहले पीएम आणंद पहुंचे और कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। आणंद में पीएम ने अपने संबोधन में कहा- आणंद के लोग मुझे दिल से प्रेम करते हैं। इसी के चलते यहां के लोगों ने हमेशा से ही कमल खिला रखा है। आपने मुझे इतना प्रेम दिया है और इसके बाद मैंने आपको विकास दिया है। यह पुरानी बात हो गई, जब यहां के युवाओं को रोजगार के लिए अपने घरों से दूर जाना पड़ता था। आज तो यहां अन्य राज्यों के लोग रोजगार के लिए आ रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज गुजरात का हरेक व्यक्ति अच्छी तरह से जानता है कि गुजरात भाजपा यानी कि सेवा और शांति। इसी के चलते आज गुजरातियों की दुनिया भर में जय-जयकार हो रही है।