बेंगलुरु में एक महिला को शादी का झांसा देकर धर्म परिवर्तन करवाने के आरोप में एक मुस्लिम व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई। यह कनार्टक में एंटी कनवर्जन लॉ के तहत दर्ज पहला केस है। घटना तब सामने आई, जब 5 अक्टूबर को एक 19 साल की लड़की लापता हो गई। जिसके बाद 6 अक्टूबर को लड़की की मां ने यशवंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोपी सैय्यद मोईन को हिरासत में भेज दिया गया है। गौरतलब है कि कर्नाटक प्रोटेक्शन ऑफ राइट टू फ्रीडम ऑफ रिलीजन एक्ट 30 सितंबर से ही लागू हुआ है।
लड़की की मां की शिकायत पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद सैयद मोईन और महिला से 8 अक्टूबर को थाने में पूछताछ की गई। यशवंतपुर के बीके नगर इलाके में मोईन और लड़की पड़ोसी थे। दोनों करीब छह महीने से एक-दूसरे को जानते थे। मोईन एक चिकन की दुकान पर काम करता था। जबकि लड़की उत्तर प्रदेश से रहने आए एक पेंटर की लड़की है।
13 अक्टूबर को लड़की की मां ने दोबारा शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने पेनुगोंडा ले जाकर शादी के बहाने उसकी बेटी का धर्म परिवर्तन कर दिया है।