भाजपा ने हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार सुबह 62 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। इनमें 5 महिलाएं शामिल हैं। 10 सिटिंग विधायकों के टिकट काट दिए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिराज सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनके खिलाफ कांग्रेस के चेतराम मैदान में हैं। अनिल शर्मा को मंडी और सतपाल सिंह सत्ती को उना से टिकट दिया गया है। राज्य में सिंगल फेज में 12 नवंबर को मतदान होगा। नतीजे 8 दिसंबर को घोषित होंगे।
BJP के टिकटों की पहली लिस्ट में 62 में से 19 नए चेहरे है। 3 मेडिकल, 2 आयुर्वेदिक डॉक्टर और 3 पीएचडी डॉक्टर को भी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।रिटायर IAS एवं झंडुता से विधायक जेआर कटवाल को एक बार फिर से मौका दिया है। इसके साथ-साथ भाजपा ने दो पूर्व सैनिकों को भी चुनावी मैदान में उतार दिया है। सुजानपुर विधानसभा सीट से कैप्टन रणजीत सिंह पहली बार चुनाव लड़ेंगे, जबकि भटियात विधानसभा क्षेत्र से बिक्रम जरयाल पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है।जिन 4 डॉक्टरों को टिकट मिला है, उनमें से 2 मेडिकल डॉक्टर और 2 आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। भरमौर से डा. जनकराज और सोलन सीट से डा. राजेश कश्यप मेडिकल डॉक्टर हैं। डॉक्टर अनिल धीमान भोरंज भी मेडिकल डॉक्टर है जबकि डॉ. राजीव सैजल और डॉ. राजीव बिंदल आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं। इसी तरह लाहौल-स्पीति विधानसभा सीट से डा. रामलाल मारकंडा, भोरंज सीट से डा. अनिल धीमान और चुराह से डा. हंसराज पीएचडी होल्डर हैं।