टीवी एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर सुसाइड केस में पुलिस ने आरोपी राहुल नवलानी को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल पर वैशाली को प्रताड़ित करने का आरोप है। वैशाली ने सुसाइड नोट में राहुल नवलानी और उसकी पत्नी दिशा का जिक्र कर उन्हें सजा दिलाने की बात लिखी थी। पुलिस ने राहुल को इंदौर से ही गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने राहुल पर 5 हजार का इनाम घोषित किया था। साथ ही विदेश भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर भी जारी कर दिया था। उसकी तलाश में पुलिस टीम मुंबई और जयपुर भी गई थी। बता दें कि इस मामले में सीएम शिवराज सिंह ने आज ही कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया था।
इससे पहले मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में वैशाली की मां अनू ने राहुल के बारे में कई खुलासे किए। एक्ट्रेस की मां ने बताया कि वैशाली ने कहा था, मम्मी वो मुझे ढाई साल से परेशान कर रहा है। आप हार्ट पेशेंट हो इसलिए अभी तक आपको नहीं बताया। अब मैं थक चुकी हूं और अब आप इस समस्या को हल करो। वो डर फिल्म में शाहरुख खान के कैरेक्टर की तरह है। वो बाहर से दिखने में स्वीट है, लेकिन अंदर से बहुत खतरनाक है।पुलिस ने दिशा को भी मामले में आरोपी बनाया है। तेजाजी नगर पुलिस के मुताबिक राहुल की शादी कोटा निवासी दिशा से हुई थी। राहुल के पिता और वैशाली के पिता दोस्त हैं। इसी के चलते वैशाली का राहुल के घर उसकी शादी से पहले ही आना-जाना था। तभी से वैशाली और राहुल की नजदीकियां बढ़ती गईं। शादी के बाद दोनों की दोस्ती पर दिशा को शक होने लगा था। उसने वैशाली की घर में एंट्री पर रोक लगा दी थी। इतना ही नहीं, कॉलोनी के फंक्शन में भी दिशा अपने पति राहुल को नहीं जाने देती थी।