भारत 10-11 नवंबर को व्हीलर आइलैंड से बैलेस्टिक मिसाइल टेस्ट करने वाला है। चीन ने इस मिसाइल टेस्ट के लिए हिंद महासागर में जासूसी जहाज युआन वांग-6 को डिप्लॉय कर दिया है। चीनी नौसेना का ये जासूसी जहाज वांग-5 कैटेगरी का है, जिसे अगस्त 2022 में श्रीलंका के हंबनटोटा में भेजा गया था। श्रीलंका में जहाज 6 दिनों तक तैनात था।
भारत को इस बात की चिंता सता रही है कि चीन अब उस मिसाइल को ट्रैक करने की कोशिश कर रहा है जिसका टेस्ट होने वाला है। चीन इन जहाजों की मदद से मिसाइल की ट्रैजेक्टरी, स्पीड, रेंज और एक्यूरेसी से जुड़ी अहम जानकारियां हासिल कर सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस स्पेशियलिस्ट डेमियन साइमन ने बताया है कि भारत 10-11 नवंबर के बीच ओडिशा के तट पर अब्दुल कलाम द्वीप से एक मिसाइल टेस्ट कर सकता है। इस मिसाइल की फ्लाई रेंज 2,200 किमी की हो सकती है।
भारत ने इस मिसाइल टेस्ट को लेकर 10-11 नवंबर को बंगाल की खाड़ी से लेकर हिंद महासागर तक नो फ्लाय जोन बनाए जाने की घोषणा की थी। इसलिए वेस्ट में श्रीलंका और ईस्ट में इंडोनेशिया के बीच उस एरिया को ब्लॉक कर दिया गया है, जो मिसाइल की टेस्टिंग रेंज में है।