छत्तीसगढ़ में खरीफ के धान की कटाई के साथ रबी की बुवाई शुरू हो रही है। इस बार इसका क्षेत्रफल पांच प्रतिशत बढ़ाने की तैयारी है। पिछले साल रबी सीजन के दौरान 18 लाख 30 हजार हेक्टेयर खेतों में रबी की फसल बोई गई थी। कृषि विभाग ने इस साल 19 लाख 25 हजार हेक्टेयर में फसल लगाने की योजना तैयार की है।
कृषि विभाग ने रबी सीजन की तैयारियों के लिये अफसरों के साथ समीक्षा का दौर शुरू किया है। बुधवार को कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह ने रायपुर और दुर्ग संभाग के कलेक्टर, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। खरीफ की समीक्षा और रबी सीजन का कार्यक्रम तय करने के लिए यह बैठक रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में हुई। इस दौरान बताया गया, प्रदेश भी में इस साल रबी सीजन में 4.36 लाख हेक्टेयर में अनाज, 8.65 लाख हेक्टेयर में दलहन, 3.77 लाख हेक्टेयर में तिलहन तथा 1.97 लाख हेक्टेयर में अन्य फसलों की बुआई प्रस्तावित है। राज्य में अब तक एक लाख 56 हजार हेक्टेयर में रबी फसलों की बुआई हो चुकी है। रायपुर संभाग में इस साल रबी सीजन में 2 लाख 82 हजार हेक्टेयर तथा दुर्ग संभाग में 6 लाख 76 हजार हेक्टेयर में रबी फसलों की बुआई का कार्यक्रम तय हुआ है। रायपुर में यह पिछले साल की तुलना में 17% और दुर्ग में 3% अधिक है।