कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए गुरुवार को बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम ने नामांकन दाखिल कर दिया है। इस मौके पर भानुप्रतापपुर जाने के दौरान पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह थोड़ी देर के लिए धमतरी जिले में रुके, जहां उन्होंने बीजेपी की जीत का दावा किया।
आज डॉ रमन सिंह सुबह रायपुर से भानुप्रतापपुर जाने के लिए निकले। रास्ते में वे कुछ समय के लिए धमतरी जिले के सिहावा रोड स्थित फॉरेस्ट विभाग के रेस्ट हाउस में रुके। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भानुप्रतापपुर उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम ही जीतेंगे। उन्होंने कहा कि किसी एक सीट के चुनाव से कांग्रेस की सरकार तो नहीं जाएगी, लेकिन सरकार को एक बड़ा संदेश जरूर जाएगा।सिहावा में रमन सिंह ने स्थानीय बीजेपी नेताओं से भी मुलाकात की। इसके बाद पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि ये उपचुनाव अपने आपमें कई संदेश लेकर आया है। आज जनता में राज्य सरकार को लेकर भारी असंतोष और आक्रोश है, चाहे वो महिलाएं हों, चाहे युवा या फिर अनुसूचित जाति-जनजाति के लोग। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से लोग परेशान हैं। लेकिन भानुप्रतापपुर उपचुनाव में बीजेपी की जीत बहुत कुछ साफ कर देगी।