मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस की ही जीत होगी। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने जवाब देते हुए ये बात कही। उन्होंने गुरुवार को अंबागढ़ चौकी के सर्किट हाउस में अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी ली।
आरक्षण के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान में इससे संबंधित जो भी प्रावधान हैं, वो सबको मिलेंगे। शिवनाथ नदी के संरक्षण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मानना है कि नदी बारहमासी हो, इसके लिए उनके पुनर्जीवन पर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि नदी का प्रवाह बना रहना चाहिए। नरवा योजना से ये तेजी से रिचार्ज हो रहा है। ईको सिस्टम भी इससे पूरी तरह ठीक हो जाएगा।पेयजल में आर्सेनिक की समस्या को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से चर्चा की। पानी में आयरन दूर करने के लिए मशीन लगाने की बात भी सीएम भूपेश बघेल ने की। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि सुपोषण के मामले में व्यवहार परिवर्तन बहुत जरूरी है, इसलिए काउंसिलिंग करें और आंगनबाड़ियों में सुपोषण वाटिकाएं बनाएं। बच्चों को बताएं कि यह वाटिका उनके पोषण के लिए कितनी उपयोगी है। घर में भी बच्चों को अच्छा भोजन मिले, इसके लिए परिवार जनों की काउंसलिंग करें। पोषण के लिए अंडे का उत्पादन स्थानीय समूह ही करे, इससे पोषण भी मजबूत होगा और आय भी बढ़ेगी।