छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-रतनपुर मार्ग में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में पांच मौत के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी की नींद खुली है। NHAI ने गुरुवार को जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान बिलासपुर-रतनपुर रोड में सेंदरी के पास अंडरपास या फिर ओवरब्रिज बनाने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने की जानकारी दी है। हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी और जस्टिस एसएस अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने प्रदेश की दूसरी जर्जर सड़कों पर राज्य शासन से शपथपत्र मांगा है। वहीं, NHAI से उम्मीद जताई है कि अगली सुनवाई यानि 12 दिसंबर से पहले तक बिलासपुर के सेंदरी में अंडरपास बनाने फैसला ले लिया जाएगा।दरअसल, NHAI बिलासपुर से होते हुए कटघोरा-अंबिकापुर तक फोरलेन सड़क बना रहा है। सड़क के किनारे कई गांव हैं, लेकिन NHAI ने यहां अंडरपास नहीं बनवाया है। इस वजह से कई हादसे हो रहे हैं। ऐसे ही बिलासपुर से करीब 15 किमी दूर सेंदरी चौक के पास कई हादसे हो चुके हैं। यहां साल भर के भीतर पांच लोगों की मौत हो चुकी है। हाईकोर्ट में नगर निगम की बदहाल सड़कों को लेकर दायर जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान पूर्व में न्यायमित्रों ने बताया था कि प्रदेश में पिछले पांच साल से सड़कें बदहाल है। स्टेट हाईवे की सड़कों की हालत जर्जर है तो वहीं NHAI की धीमी निर्माण कार्य से सड़कों की हालत खराब हो गई है। इसे गंभीरता से लेते हुए डिवीजन बेंच ने प्रदेश भर की सड़कों की रिपोर्ट मांगी थी। तब से इस केस की हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है।