श्रद्धा ने 2 साल पहले शिकायत की, आफताब मार डालेगा:

श्रद्धा ने 2 साल पहले शिकायत की, आफताब मार डालेगा:

श्रद्धा मर्डर केस में बुधवार को सबसे चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। श्रद्धा ने आफताब के हिंसक बर्ताव के बारे में 2 साल पहले ही मुंबई पुलिस से शिकायत की थी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि श्रद्धा ने 23 नवंबर 2020 को मुंबई की पालघर पुलिस को एक शिकायत पत्र लिखा था। उसने पुलिस को बताया था कि उसका लिव-इन पार्टनर आफताब उसे मारता-पीटता है। अगर वक्त पर एक्शन नहीं लिया, तो आफताब उसे टुकड़े-टुकड़े कर डालेगा।

दावा यह भी किया जा रहा है कि श्रद्धा ने आफताब के बर्ताव के बारे में उसकी फैमिली को भी बताया था, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया।

अब, महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को कहा कि श्रद्धा की शिकायत पर तब जरूरी एक्शन लिया गया। बाद में उसने लिखकर दे दिया कि हमारे बीच सुलह हो गई है। DCP सुहास बावाचे ने कहा कि इसके बाद केस बंद कर दिया गया।

“मेरा नाम श्रद्धा वालकर है और मैं 25 साल की हूं। मैं 26 साल के आफताब अमीन पूनावाला की रिपोर्ट करना चाहती हूं। वह विजय नगर कॉम्प्लेक्स के रीगल अपार्टमेंट में रहता है। वह मुझसे गालीगलौज और मारपीट करता है। आज उसने मेरा गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। उसने मुझे धमकाया और ब्लैकमेल किया कि वह मुझे जान से मारकर टुकड़े-टुकड़े कर देगा और फेंक देगा। वो मेरे साथ 6 महीने से मारपीट कर रहा है, लेकिन मैं पुलिस में उसकी शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाई, क्योंकि वो मुझे जान से मारने की धमकी दे रहा था।

आफताब के परिवार वाले भी जानते हैं कि वो मुझे मारता-पीटता है और जान से मारने की कोशिश भी कर चुका है। उसकी फैमिली जानती है कि हम दोनों साथ रहते हैं और वीकेंड पर वो लोग मिलने भी आते हैं। मैं आज तक उसके साथ रहती हूं, क्योंकि हमारी जल्द ही शादी होने वाली है और उसके परिवार की भी रजामंदी है। अब मैं उसके साथ नहीं रहना चाहती हूं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *