अमेरिका के वॉशिंगटन में रविवार सुबह एक साइकैट्रिक हॉस्पिटल के कैंपस में आग लग गई। आग कैंपस में स्थित 2 मंजिला इमारत में लगी। ये इमारत 19वीं सदी में बनाई गई थी और काफी लंबे समय से खाली पड़ी थी। लिहाजा कोई घायल नहीं हुआ।
दमकल विभाग के अधिकारी वीटो मैगिओलो ने कहा- आग वॉशिंगटन में स्थित सेंट एलिजाबेथ हॉस्पिटल के इस्ट कैंपस में लगी। ये अस्पताल 1855 में खोला गया था। ये अमेरिका में मानसिक रोगियों के लिए बना पहला अस्पताल है। हालांकि अस्पताल की जिस इमारत में आग लगी वो खाली थी।घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें कई किलोमीटर दूर से आग दिखाई दे रही है। आग इतनी भयानक थी की देखते ही देखते आसमान में काला धुआं छा गया। एक अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग के 100 कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल सका है। इसकी जांच की जा रही है।