थाई स्माइल एयरवेज की एक उड़ान में यात्रियों के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फ्लाइट बैंकॉक से भारत आ रही थी। वीडियो 26 दिसंबर 2022 का है। पूरी घटना को एक यात्री ने अपने फोन से शूट किया है। इस मामले पर थाई स्माइल एयरवेज ने अपनी रिपोर्ट में 37C सीट पर बैठे पैसेंजर को आरोपी बताया है।
51 सेकेंड की इस क्लिप में दो लोगों को आपस में बहस करते देखा जा सकता है। इसी बीच एक फ्लाइट अटेंडेंट स्थिति को शांत करने की कोशिश करती है। हालांकि, पहला व्यक्ति अपना चश्मा उतारता है और दूसरे व्यक्ति को थप्पड़ मारना शुरू कर देता है। देखते ही देखते उसके दोस्त भी विवाद में शामिल हो जाते हैं। इस दौरान दूसरा व्यक्ति सिर्फ बचने की कोशिश करता है।
इसके बाद 4-5 लोग इकट्ठा होकर शख्स को घेर लेते हैं। इनमें से एक व्यक्ति शख्स के बाल पकड़कर उसे थप्पड़ मारता है। फ्लाइट अटेंडेंट दोनों को अलग करने की कोशिश करती है, लेकिन कामयाब नहीं हो पाती।